महोबा : सिलेंडर ब्लास्ट से मची तबाही, फुटपाथ की 7 दुकानें जलकर खाक

संवाददाता चन्द्रशेखर नामदेव उत्तर प्रदेश के महोबा में बुधवार दोपहर बड़ा अग्निकांड हो गया। शहर कोतवाली क्षेत्र के डाक बंगला मैदान के बाहर फुटपाथ पर रखी फास्ट फूड की गुमटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर ब्लास्ट होने से हालात बेकाबू हो गए।

घटना के अनुसार, फास्ट फूड की दुकान संचालित करने वाली अंकिता वर्मा की गुमटी में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा गैस सिलेंडर इसकी चपेट में आ गया। कुछ ही देर में तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया, जिससे आसपास की छह अन्य दुकानें भी आग की लपटों में घिर गईं।
सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आग ने तेजी से फैलते हुए कुल सात दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग से उठते धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन करीब एक घंटे तक आग पर काबू पाने के लिए जद्दोजहद करती रही। कोतवाली पुलिस ने सड़क बंद कर दमकल कर्मियों को सहयोग दिया।
दमकल पर उठे सवाल
पीड़ित दुकानदारों का आरोप है कि दमकल टीम छोटी मशीन लेकर पहुंची, जिससे आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। उनका कहना है कि यदि समय रहते बड़ी फायर टेंडर मशीन आती तो नुकसान कम हो सकता था।दुकानदारों ने डाक बंगला मैदान में खुले में रहने वाले घुमंतू लोगों पर आग लगाने का संदेह जताया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी किसी साजिश की पुष्टि नहीं की गई है।
जांच की मांग
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आग लगने के असली कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम भी जांच कर सकती है।इस हादसे ने एक बार फिर शहर में सुरक्षा इंतजाम और दमकल व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फुटपाथी दुकानदारों की आजीविका पर पड़े इस संकट ने पूरे इलाके में चिंता बढ़ा दी है।
उत्तर प्रदेश से और खबरें

UP बोर्ड 10वीं-12वीं परीक्षा की डेटशीट जारी, 5 फरवरी से शुरू होंगे एग्जाम; इस वेबसाइट को देखें
12 अक्तूबर 2026
अखिलेश यादव के अरबपति रास सांसद चार्टर्ड प्लेन से सर्टिफिकेट लेने आए, 3 घंटे में गुजरात लौटे
12 अक्तूबर 2026
गाजियाबाद में निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरा, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
12 अक्तूबर 2026