कानपुर देहात : बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी पूरी, 83 केंद्रों पर लाइव मॉनिटरिंग, कंट्रोल रूम से रखी जा रही नजर

✍️By: Nation Now Samachar Desk
कानपुर देहात में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए 83 केंद्रों पर लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था। कंट्रोल रूम से 24 घंटे CCTV निगरानी, नकल पर सख्त कार्रवाई।

कानपुर देहात। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 को नकलविहीन और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यूपी बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी।परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जनपद स्तर पर एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से जिले के सभी 83 परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है।

7 कंप्यूटर सिस्टम से 24 घंटे निगरानी

कंट्रोल रूम में 7 कंप्यूटर सिस्टम लगाए गए हैं, जिनकी प्रत्येक स्क्रीन पर 12-12 परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी की सुविधा उपलब्ध है। इस व्यवस्था के माध्यम से अधिकारियों को हर गतिविधि की रियल-टाइम जानकारी मिल रही है।सभी परीक्षा केंद्रों के स्टांप रूम में सीसीटीवी कैमरे, नाइट विजन रिकॉर्डर और वॉयस रिकॉर्डिंग युक्त कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

नकल पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी ने बताया कि परीक्षा को पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी कर परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

उत्तर प्रदेश से और खबरें