कानपुर देहात, 17 सितम्बर 2025: आज जिलाधिकारी कपिल सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा अंतर्गत विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत एवं डिजिटल भारत पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार भी उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी का उद्देश्य प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक जीवन, उनके नेतृत्व में कार्यान्वित विभिन्न योजनाओं, तकनीकी नवाचारों, डिजिटल सेवाओं और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुँचाना है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनी में डिजिटल सेवाओं का विशेष महत्व है और वर्तमान युग में डिजिटल माध्यमों से नागरिकों को सुगम एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस प्रदर्शनी में अवश्य पधारें, प्रदर्शित योजनाओं और नवाचारों का अवलोकन करें और स्वयं को सशक्त बनाएं। इसके अतिरिक्त, प्रदर्शनी में स्थापित स्कैनर के माध्यम से नागरिक अपने सुझाव विकसित उत्तर प्रदेश, समर्थ उत्तर प्रदेश विजन 2047 अभियान के तहत पोर्टल पर साझा कर प्रदेश के विकास में भागीदार बन सकते हैं।
प्रदर्शनी 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चलेगी। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया बंधु एवं जनसामान्य उपस्थित रहे। प्रदर्शनी के माध्यम से जनता को प्रधानमंत्री की योजनाओं और डिजिटल भारत के महत्व से अवगत कराना मुख्य उद्देश्य है।
