कानपुर देहात में सड़क सुरक्षा संगोष्ठी, छात्रों को यातायात नियमों का पाठ

कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र अंतर्गत झींझक विकासखंड स्थित श्री ज्वाला देवी ज्ञानदा इंटर कॉलेज, कुंतलिया में परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ), कानपुर मंडल राकेंद्र कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और सड़क सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता फैलाने की अहम जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने परिवारजनों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित करें।
आरटीओ ने बताया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने लाल बत्ती का पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, लेन अनुशासन बनाए रखने, जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स (59 व 103 बटालियन) ने “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” विषय पर मॉक ड्रिल और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही जन-जागरूकता रैली निकालकर आमजन को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
इस मौके पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सोमलता यादव ने हेलमेट और सीट बेल्ट को अनिवार्य बताते हुए सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की। कार्यक्रम का संचालन राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक नवीन कुमार दीक्षित ने किया। अंत में राहबीर योजना–2025 और कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम–2025 की जानकारी देकर लीफलेट वितरित किए गए।
उत्तर प्रदेश से और खबरें

यूपी सरकार का बड़ा फैसला: शिक्षा मित्रों को ₹18,000 और अनुदेशकों को ₹17,000 प्रतिमाह मानदेय
21 फ़रवरी 2026
कानपुर देहात में दर्दनाक हादसा, वैरी सवाई गांव में तालाब में गिरी कार, 4 की मौत
21 फ़रवरी 2026
कानपुर देहात : विद्युत विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा होने की आशंका, रूरा नगर पंचायत में खुले ट्रांसफार्मर और झूलते तार बने खतरा
21 फ़रवरी 2026