Kanpur Dehat Ambulance Scam: 102/108 सेवा में बड़ा घोटाला उजागर, EMRI कंपनी पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

Kanpur Dehat Ambulance Scam: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है, जिसने पूरे प्रशासनिक तंत्र को हिला कर रख दिया है। 102/108 एंबुलेंस सेवा में गंभीर अनियमितताओं और फर्जीवाड़े के आरोपों के बाद EMRI कंपनी पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कागजों में एंबुलेंस लगातार दौड़ती रही, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग थी। रिकॉर्ड और वास्तविक संचालन के बीच भारी अंतर पाया गया है।

जांच में सामने आया कि कई मामलों में फर्जी ट्रिप, फर्जी रेफरल और संदिग्ध कॉल रिस्पॉन्स का बड़ा खेल चल रहा था। ड्यूटी स्लिप और लॉगबुक में भी गंभीर गड़बड़ियां मिली हैं, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका और गहरी हो गई है।कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार, देवीपुर CHC में सिर्फ 8 मोबाइल नंबरों से एक ही महीने में 1181 बार एंबुलेंस सेवा का उपयोग दिखाया गया, जिसे बेहद संदिग्ध माना गया है। इन नंबरों के जरिए बार-बार सेवा लेने के पैटर्न ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसके अलावा कई एंबुलेंसों में जरूरी मेडिकल उपकरण और मानक सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं पाई गईं, जो सेवा की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाता है। जांच रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कई बिलिंग और रिकॉर्ड्स में हेराफेरी की गई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट (DM) ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसके बाद संबंधित संस्था, पर्यवेक्षक और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। प्रोग्राम मैनेजर प्रदीप पाठक और EMI अभिषेक तिवारी समेत कई कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस घोटाले में शामिल सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस मामले ने न सिर्फ स्वास्थ्य विभाग बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनता के लिए बनाई गई आपातकालीन सेवा में इस तरह की अनियमितताएं बेहद गंभीर मानी जा रही हैं।फिलहाल जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश से और खबरें

नौबस्ता में थाने से 50 गज की दूरी पर पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े पत्थरबाज़ी और लूट
23 जून 2026
हमीरपुर में फतेहपुर के बारातियों से भरी बोलेरो पलटी: एक की मौत, पांच बच्चों समेत 9 घायल
23 जून 2026
चढ़ावा चोरी की 150 पेज की रिपोर्ट SIT ने सौंपी, ट्रस्ट के दोबारा गठन व FIR की सिफारिश
23 जून 2026