कानपुर: बेकनगंज में शॉर्ट-सर्किट से आग, दुकानों में लगी भीषण लपटें, रेस्क्यू

✍️By: Nation Now Samachar Desk
kanpur-bakinganj-fire-short-circuit-rahmani-market-rescue

कानपुर। शहर के बेकनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल कुआं स्थित रहमानी मार्केट में शनिवार तड़के शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बनी मिठाई और बिरयानी की तीन दुकानों में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते पहली मंजिल तक पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार, तलाक महल लाल कुआं निवासी मो. शमीम के मकान के नीचे अफजाल और दिलशाद की मिठाई की दुकानें तथा अकील की बिरयानी की दुकान संचालित होती है। शनिवार सुबह तड़के दिलशाद की मिठाई की दुकान में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग की ऊंची लपटें पहली मंजिल तक पहुंचने लगीं, जहां मकान मालिक मो. शमीम और चार किराएदार फंस गए। वहीं बिरयानी की दुकान में सो रहे दो कर्मचारी भी धुएं में घिर गए और दम घुटने की स्थिति बन गई।

घनी आबादी वाले इलाके में आग फैलने से अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसी अयाज अहमद ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर लाटूश रोड, फजलगंज और कर्नलगंज फायर स्टेशन की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

फायर कर्मियों ने बरामदे के रास्ते से मकान मालिक और किराएदारों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दुकान में फंसे दोनों कर्मचारियों का भी सफल रेस्क्यू किया गया। कर्मचारियों ने दुकान में रखे तीन गैस सिलेंडरों की जानकारी दी, जिन्हें तुरंत बाहर निकालकर बड़ा हादसा टाल दिया गया।करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एफएसओ कैलाश चंद्र ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है।

उत्तर प्रदेश से और खबरें