उन्नाव में साधु का हत्यारा 1 लाख का इनामी इसराइल एनकाउंटर में ढेर, भजन बजाने पर की थी हत्या

उन्नाव में साधु राममिलन दास उर्फ बाबा मिलन (45) हत्याकांड का मुख्य आरोपी इसराइल एनकाउंटर में ढेर हो गया. SP जयप्रकाश सिंह ने बताया कि इसराइल ने 9 जून को 4 साथियों के साथ मिलकर बाबा मिलन की हत्या की थी.
साधु के भाई ने दावा किया था कि राममिलन शिव मंदिर में लाउडस्पीकर लगाकर भजन बजाते थे, जिससे आरोपी नाराज थे. इसी कारण विवाद हुआ और आरोपियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी. वारदात के बाद से इसराइल फरार था. सोमवार तड़के 3:40 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी की. खुद को घिरता देखकर उसने फायरिंग कर दी. जवाबी फायरिंग में 36 साल का इसराइल मारा गया.
मुठभेड़ ताजपुर इलाके में हुई. 2 दिन पहले इसराइल पर SP ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था. कल यानी रविवार को उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने घटना पर कहा था कि अगर आरोपी सरेंडर नहीं करेगा तो एनकाउंटर होगा ही.
SP जयप्रकाश ने बताया कि तड़के 3:40 बजे सूचना मिली कि एक लाख का इनामी इसराइल उर्फ इजराइल ताजपुर अंडरपास के पास है।वह किसी साथी का इंतजार कर रहा था.
सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी की। पुलिस ने आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से एसओजी सिपाही विकास भदौरिया घायल हो गया.
दरोगा न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी. वह बाल-बाल बच गए. इसके बाद टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी को गोली लग गई। पुलिस उसे बांगरमऊ CHC (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया. जिस चाकू से साधु की हत्या की गई थी, उसे भी आरोपी के पास से बरामद कर लिया गया.
साधु के हत्या के बाद सड़क पर उतर गई थी भीड़: साधु के हत्या की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए. लोगों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया. पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया था. पुलिस की मौजूदगी में साधु के शव को मंदिर के पास ही दफनाया गया था.
3 आरोपी गिरफ्तार, एक मारा गया: संत के भाई वीरेंद्र सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 5 नामजद आरोपियों और 2-3 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था. इसमें इसराइल, लल्ली उर्फ अजय गौतम, यामीन, शानू और मोहम्मद शफी को नामजद किया था. 11 जून को पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शफी, लल्ली उर्फ अजय गौतम और यामीन को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी भागने की फिराक में थे। पुलिस ने इन्हें कल्याणी नदी पुल के पास से गिरफ्तार किया था. इसराइल फरार चल रहा था, जिसे मुठभेड़ में मारा गिराया.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

‘अदिति बिटिया वही झेल रहीं जो मैंने झेला’, अखिलेश पर बरसीं सपा की पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता रोली तिवारी
14 जून 2026
हमीरपुर में पत्नी से आहत युवक नौ माह के बेटे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा
14 जून 2026
जेवर एयरपोर्ट को अपनी जमीनें देने वाले 170 किसान कल मुफ्त हवाई यात्रा करेंगे
14 जून 2026