बुलेट से आया, नदी पुल पर खड़ी की और फिर प्रेमिका का हाथ पकड़कर लगा दी मौत की छलांग

UP के मुरादाबाद से प्रेम-प्रसंग को लेकर सनसनीखेज मामला सामने आया है. कटघर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर दिल्ली-लखनऊ हाईवे बाईपास स्थित रामगंगा पुल से कटघर क्षेत्र के ही रहने वाले प्रेमी युगल ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नदी में छलांग लगा दी. छलांग लगाने से पहले युवक ने अपने ताऊ को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजा, ताऊ, मैं मरने जा रहा हूं. बाइक पुल पर खड़ी है, दूसरी चाबी लेकर आ जाना. उसी दौरान पुल से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक ने दोनों को रोकने और पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों नदी में कूद चुके थे. सूचना मिलते ही पुलिस, परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. पीएसी की फ्लड यूनिट और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका.

कटघर थाना क्षेत्र के पीतलनगरी सूरजनगर निवासी निजी फर्म कर्मचारी प्रदीप गोस्वामी का बेटा तुषार कोतवाली क्षेत्र के बुधबाजार स्थित एक कपड़ा शोरूम में काम करता है. पुलिस के अनुसार तुषार का मोहल्ले में ही रहने वाली दसवीं कक्षा की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था. शुक्रवार रात दोनों फोन पर बात कर रहे थे. इसी दौरान किशोरी के परिजनों ने उसे फोन पर बात करते पकड़ लिया और डांट-फटकार लगाई. इससे किशोरी काफी आहत हो गई और उसने रात में ही पूरी बात तुषार को बता दी. शनिवार सुबह करीब दस बजे तुषार घर से बुलेट मोटरसाइकिल लेकर शोरूम जाने के लिए निकला. रास्ते में उसने अपने ताऊ से 100 रुपये भी लिए. शोरूम पहुंचने के बाद वह घर जाने की बात कहकर वहां से निकल गया.
युवक की बहन
बिना बताए घर से निकली थी प्रेमिका: उधर, किशोरी भी घर से बिना बताए निकल पड़ी. दोनों बुलेट से दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित कल्याणपुर के रामगंगा पुल पर पहुंचे। सुबह 11:50 बजे तुषार ने अपने ताऊ सुधीर गोस्वामी को व्हाट्सऐप कॉल की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई. चार मिनट बाद उसने वीडियो कॉल की, वह भी रिसीव नहीं हुई. इसके बाद उसने व्हाट्सएप पर संदेश भेजा, ताऊ, मैं मरने जा रहा हूं. बाइक पुल पर खड़ी है, दूसरी चाबी लेकर आ जाना.
दोनों को बचाने के लिए दौड़ा था एक युवक: संदेश भेजने के बाद दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़कर पुल की रेलिंग पर चढ़ गए. उसी समय दिल्ली की ओर जा रहा एक बाइक सवार युवक उन्हें देखकर शोर मचाते हुए उनकी ओर दौड़ा और रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही दोनों ने नदी में छलांग लगा दी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. व्हाट्सऐप संदेश देखने के बाद तुषार के ताऊ ने परिजनों को सूचना दी और कटघर थाने पहुंचकर पुलिस को भी जानकारी दी. हालांकि तब तक पुलिस को प्रेमी युगल के नदी में कूदने की सूचना मिल चुकी थी.
दोनों की तलाश में पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन: पुलिस तुषार के परिजनों को लेकर पुल पर पहुंची, जहां बुलेट मोटरसाइकिल की पहचान कराई गई. कुछ ही देर में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और पीएसी की फ्लड यूनिट की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक और किशोरी का कोई पता नहीं चल सका था. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक ही मोहल्ले और एक ही बिरादरी के हैं. आशंका है कि परिजनों की डांट-फटकार से आहत होकर दोनों ने यह कदम उठाया. दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

कानपुर के होटल में मिले फतेहपुर के युवक व उन्नाव की युवती के शव, 4 घंटे रुकने के बाद किया सुसाइड
11 जुलाई 2026
बांदा में बिजली विभाग की अंधेरगर्दी: दो दिन से जिला अस्पताल अंधेरे में…’ कोई सुनने वाला नहीं
11 जुलाई 2026
हमीरपुर में रेहड़ी-पटरी दुकानदार फ़रियाद लेकर पहुंचे DM आवास, इन्हे हटा रही नगर पालिका
11 जुलाई 2026