चकेरी में सब्जी लेकर घर लौट रहे HAL सुपरवाइजर पर आंधी-तूफ़ान में गिरा पेड़, मौत

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के हरजिंदर नगर में गुरुवार शाम 5 बजे तेज आंधी एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई. छुट्टी के बाद सब्जी लेकर घर लौट रहे एचएएल के सुपरवाइजर पर अचानक विशाल पेड़ गिर पड़ा. हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई. राहगीरों और पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई.

मृत विद्या सागर (42)
मूल रूप से बलिया जिले के गौरा गांव निवासी बेचन प्रशाद के बेटे विद्या सागर (42) एचएएल की आईएमएम यूनिट में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे. वह एचएएल कॉलोनी में पत्नी रानी कुमारी और बच्चों के साथ रहते थे. गुरुवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह घर लौटते समय रास्ते में सब्जी खरीदने रुके थे. सब्जी लेकर जैसे ही हरजिंदर नगर से गुजर रहे थे, तभी तेज आंधी के बीच सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा.

पेड़ की चपेट में आने से विद्या सागर के सिर में गंभीर चोट लगी और वह सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े. हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. राहगीरों ने तत्काल चकेरी पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मौत की खबर मिलते ही एचएएल कॉलोनी और परिवार में मातम छा गया. पत्नी अस्पताल पहुंची तो पति का शव देखकर बेसुध हो गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. विद्या सागर अपने पीछे पत्नी रानी, बेटे दिव्यांश (7) और बेटी राव्या (1) को छोड़ गए हैं. पत्नी ने बताया कि पति रोज की तरह ड्यूटी से लौटते समय सब्जी लेने गए थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनकी आखिरी यात्रा साबित होगी.

थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पेड़ गिरने से घायल हुए व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

बुलंदशहर में छुट्टी नहीं मिली तो सिपाही ने खुद पर दाग ली गोली, पहले ऑडियो बनाया
16 जुलाई 2026
बाबूपुरवा में लोडर चालक की सिर कूचकर हत्या, रेलवे लाइन के किनारे मिला शव
16 जुलाई 2026
कानपुर के हाथीगांव में ट्यूबवेल पर अधेड़ की धारदार हथियार से हत्या, मौके पर मिली शराब की बोतल-गिलास
16 जुलाई 2026