Video:RTO चेकिंग से बचने के लिए रॉन्ग साइड दौड़ा दिया डंपर, हाईवे पर पत्थर गिराता हुआ फरार

✍️NNS Desk
Video:RTO चेकिंग से बचने के लिए रॉन्ग साइड दौड़ा दिया डंपर, हाईवे पर पत्थर गिराता हुआ फरार

ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे पर ओवरलोड वाहनों के खतरनाक खेल ने हड़कंप मचा दिया. पत्थरों से भरे एक डंपर द्वारा बीच हाईवे पर जिस तरह की हरकत की गई उसने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामला दादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामने आया है.

जानकारी के मुताबिक, ओवरलोड ट्रक को आरटीओ/एआरटीओ टीम द्वारा रोकने की कोशिश की गई थी. इसी दौरान चालक ने ट्रक को रॉन्ग साइड दौड़ा दिया और पकड़ से बचने के लिए तेज रफ्तार में फरार होने लगा. इस दौरान ट्रक से बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर गिरते चले गए.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ट्रैफिक प्रभावित हो गया. इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें ट्रक का डाला खुला हुआ नजर आ रहा है और पत्थर गिरते दिख रहे हैं.

आरटीओ और पुलिस की अलग-अलग सफाई सामने आई: इस मामले पर एआरटीओ नोएडा की ओर से कहा गया कि उनकी कोई टीम उस दौरान मौके पर मौजूद नहीं थी. उनके अनुसार संभव है कि पलवल हरियाणा पुलिस किसी वाहन का पीछा कर रही हो और यह घटना उसी क्रम में हुई हो.

वहीं, दादरी पुलिस का कहना है कि उन्हें इस तरह की किसी टीम या कार्रवाई की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली थी. हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरे पत्थरों को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया.

पुलिस के अनुसार, यह मामला पलवल हरियाणा की ओर से दादरी सिकंदराबाद दिशा में आने वाले ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे का है जहां अज्ञात डंपर द्वारा मोटा लाल बजरी पत्थर गिरा दिया गया.

सड़क पर मचा हड़कंप और दर्ज हुआ केस: घटना के बाद सड़क पर बड़े पत्थर फैल जाने से कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. हालांकि पुलिस और ट्रैफिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग को साफ कराया और ट्रैफिक को सामान्य किया.

दादरी थाना पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अब वायरल वीडियो और CCTV फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान में जुटी है. पूरे मामले की जांच जारी है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें