कानपुर के जाजमऊ में गंगा किनारे मृत मिला मगरमच्छ: सिर की हड्डी टूटी, शरीर पर चोट के निशान

✍️NNS Desk
कानपुर के जाजमऊ में गंगा किनारे मृत मिला मगरमच्छ: सिर की हड्डी टूटी, शरीर पर चोट के निशान

कानपुर में गंगा किनारे मगरमच्छ का शव मिला. करीब 4 से 5 फीट लंबे मगरमच्छ का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त था. सिर की हड्डी टूटी थी और शरीर पर भी चोट के निशान थे. मगरमच्छ का शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

मामला जाजमऊ थाना क्षेत्र में मक्कू शहीद का भट्ट के पास गंगा किनारे का है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 6 बजे मोहल्ले के बच्चे गंगा किनारे क्रिकेट खेल रहे थे. इसी दौरान उनकी गेंद नदी की तरफ चली गई.

गेंद लेने गए बच्चों ने देखा मगरमच्छ: बच्चे गेंद लेने गंगा किनारे पहुंचे तो वहां मगरमच्छ का शव पड़ा देखा. बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. लोगों ने देखा कि मगरमच्छ के सिर की हड्डी टूटी हुई थी और शरीर पर चोट के निशान थे.

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि मगरमच्छ गंगा में अवैध रूप से मछली पकड़ने वाले शिकारियों के जाल में फंस गया होगा. आरोप है कि जाल से निकालने के बजाय उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया. हालांकि, मगरमच्छ की मौत कैसे हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है.

लोग बोले- गंगा में लंबे समय से हो रहा अवैध शिकार: घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है. उनका आरोप है कि गंगा में लंबे समय से अवैध तरीके से मछलियों का शिकार किया जा रहा है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही.

लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से अवैध शिकार करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने की मांग की है. उनका कहना है कि जलीय जीवों की सुरक्षा के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है.

वन विभाग करेगा मौत के कारणों की जांच: थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि वन विभाग को घटना की सूचना दे दी गई है. वन विभाग की टीम मगरमच्छ की मौत के कारणों की जांच करेगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें