औरैया: नागिन बनने की अफवाह फैलाकर घर से फरार हुई युवती, पुलिस जांच में खुला राज

औरैया | रिपोर्टर: अमित शर्मा उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से एक चौंकाने वाला और फिल्मी अंदाज़ से भरा मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने ऐसा नाटक रचा कि पूरा गांव दहशत और अंधविश्वास के साए में आ गया। युवती ने घर से फरार होने से पहले अपने बिस्तर पर सांप की केंचुली कपड़ों में लपेटकर छोड़ दी, जिसके बाद यह अफवाह फैल गई कि वह नागिन बन गई है।

बिस्तर पर केंचुली देख उड़े परिजनों के होश
यह मामला फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव का है। सुबह जब परिजन युवती के कमरे में पहुंचे तो बिस्तर पर कपड़ों में लिपटी सांप की केंचुली देखकर सन्न रह गए। देखते ही देखते गांव में चर्चा फैल गई कि युवती किसी रहस्यमयी घटना का शिकार हो गई है। कुछ ग्रामीणों ने इसे अंधविश्वास से जोड़ते हुए नागिन बनने तक की बात कह डाली।
पुलिस जांच में सामने आई सच्चाई
सूचना मिलते ही फफूंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने जानबूझकर यह फिल्मी ड्रामा रचा ताकि उसका घर से गायब होना रहस्यमय लगे और किसी को उस पर शक न हो। इसी साजिश के तहत उसने सांप की केंचुली को कपड़ों में लपेटकर बिस्तर पर रख दिया और चुपचाप घर से निकल गई।
न तहरीर, न सहयोग
पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने पहले कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। न तो कोई लिखित शिकायत दी गई और न ही युवती के बारे में स्पष्ट जानकारी साझा की गई। इसके चलते पुलिस ने युवती के मोबाइल को सर्विलांस पर लगा दिया है और तलाश जारी है।
पुलिस का बयान
फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि यह पूरा मामला एक सुनियोजित फिल्मी ड्रामा का है। युवती के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।
अफवाहों पर लगा विराम
पुलिस जांच के बाद गांव में फैली नागिन बनने की अफवाह पर विराम लग गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा और युवती को सुरक्षित बरामद किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश से और खबरें

कानपुर लैंबॉर्गिनी कांड में नया मोड़, ड्राइवर मोहन लाल ने कोर्ट में लिया हादसे की जिम्मेदारी
10 फ़रवरी 2026
मथुरा: एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से सनसनी, बगल में रखा था दूध का गिलास
10 फ़रवरी 2026
औरैया : ओवर लोड ड़पर मोरम दुकान पर उतारते समय हुआ हादसा, मार्ग बाधित
10 फ़रवरी 2026