काकादेव में ज्वैलर्स की दुकान से 50 लाख के सोना और चांदी से भरा बैग लेकर युवक फरार

✍️NNS Desk
काकादेव में ज्वैलर्स की दुकान से 50 लाख के सोना और चांदी से भरा बैग लेकर युवक फरार

कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 10 बजे एक बड़ी चोरी की वारदात ने व्यापारियों में दहशत फैला दी. विजय नगर स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान से शातिर चोर करीब 50 लाख रुपए से अधिक कीमत का सोना, चांदी और नकदी से भरा बैग पार कर ले गए.

घटना की जानकारी उस समय हुई जब दुकान बंद कर घर जाने के लिए दुकानदार ने बैग उठाना चाहा, लेकिन वह अपनी जगह से गायब मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. रविवार दोपहर करीब 1 बजे एडीसीपी सेंट्रल, एसीपी स्वरूप नगर और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके का निरीक्षण कर कारोबारी से पूछताछ की.

एडीसीपी सेन्ट्रल डॉ अर्चना सिंह ने बताया- “शातिर बैग लेकर फरार हुआ है. बैग में सारा सामान रखा था. घटना के खुलासे के लिये 4 टीमों को लगाया गया है. जल्द ही शातिर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.”

विजय नगर निवासी देवेंद्रनाथ वर्मा की घर से कुछ दूरी पर फल मंडी के पास ज्योति ज्वेलर्स एवं वर्मा वस्त्रालय के नाम से दुकान है. उनकी पत्नी ऊषा पैरालिसिस से पीड़ित हैं, जिसके चलते दुकान का पूरा संचालन वह स्वयं करते हैं. शनिवार शाम करीब चार बजे उन्होंने दुकान खोली.

4 दिन से रेकी कर रहा था: कुछ देर बाद एक युवक दुकान पर पहुंचा, जो चार दिन पहले कपड़े खरीदने आया था और तब से लगातार दुकान पर आ-जा रहा था. दुकानदार के मुताबिक, शनिवार शाम करीब पांच बजे भी वही युवक दुकान पर आया. इसी दौरान वह कुछ दूरी पर यूरिन करने चले गए. वापस लौटने पर युवक वहां से जा चुका था.

उस समय उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ और वह सामान्य रूप से दुकानदारी करते रहे. रात करीब नौ बजे जब वह दुकान बंद कर घर जाने लगे और सोना, चांदी व नकदी से भरा बैग उठाने पहुंचे तो बैग गायब था. बैग नहीं मिलने पर उनके होश उड़ गए.

उन्होंने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी. कुछ ही देर में काकादेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

बैग में करीब 400 ग्राम सोना और चांदी के जेवर थे:पीड़ित व्यापारी देवेंद्रनाथ वर्मा ने पुलिस को बताया- बैग में करीब 400 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो से अधिक चांदी के जेवर, 50 हजार रुपये नकद सहित लगभग 50 लाख रुपये से अधिक का माल रखा हुआ था, जिसे चोर लेकर फरार हो गए.

रविवार सुबह एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह, एसीपी स्वरूप नगर तथा क्राइम ब्रांच की कई टीमें मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और व्यापारी सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की.

पुलिस को आशंका है कि घटना को अंजाम देने वाला युवक पहले से रेकी कर रहा था और दुकान की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था. घटना के बाद विजय नगर और आसपास के व्यापारियों में दहशत का माहौल है. व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की है.

पुलिस का कहना है कि कई टीमें गठित कर दी गई हैं. सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

उत्तर प्रदेश से और खबरें