देखें Video: लखनऊ में CNG सिलेंडर से लदी DCM 2 km तक घसीटते ले गयी बाइक

लखनऊ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी से एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते रह गया. दरोगा खेड़ा इलाके में सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरी एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक डीसीएम के अगले हिस्से में फंस गई और ड्राइवर उसे करीब दो किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया.
रूह कंपा देने वाले इस वाकये के दौरान सड़क पर घिसट रही बाइक से लगातार भयंकर चिंगारियां निकल रही थीं. चूंकि डीसीएम में भारी मात्रा में सीएनजी गैस सिलेंडर लदे हुए थे, इसलिए किसी भी पल भीषण ब्लास्ट या आग लगने का खतरा बना हुआ था. गनीमत रही कि पीछे चल रही कृष्णानगर ट्रैफिक पुलिस की नजर इस पर पड़ गई और उन्होंने तत्परता दिखाई.
पुलिस के अनुसार , बंथरा इलाके के रहने वाले शिवांश मिश्रा हजरतगंज की एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं. शनिवार रात करीब 10 बजे वो ड्यूटी से घर लौट रहे थे. तभी सरोजनीनगर में कानपुर रोड स्थित स्कूटर इंडिया चौराहे के पास वो पानी पीने के लिए रुके. शिवांश जैसे ही पानी की बोतल बैग में रख रहे थे, तभी पीछे से आ रही डीसीएम (UP-32 TN 9240) ने बाइक को उड़ा दिया.
इस भीषण टक्कर में शिवांश तो छिटककर सड़क किनारे गिरे और बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी बाइक गाड़ी के नीचे फंस गई. हादसे के बाद भी ड्राइवर रुका नहीं और बंथरा की तरफ भागने लगा. पुलिस जीप पर सवार ट्रैफिक कर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रफ्तार बढ़ाता रहा. आखिरकार सिलेंडरों में आग लगने के बड़े खतरे को देखते हुए पुलिस ने अपनी जीप आगे अड़ाकर डीसीएम को ओवरटेक किया और दरोगा खेड़ा के पास उसे घेरकर रुकवाया.
पकड़े जाने पर पता चला कि डीसीएम चालक पूरी तरह नशे में धुत था. ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत आरोपी ड्राइवर और गाड़ी को सरोजनी नगर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान उन्नाव के सोहरामऊ निवासी सज्जन के रूप में हुई है. पीड़ित शिवांश की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की पूछताछ कर रही है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

घाटमपुर में दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक की मौत; तीन गंभीर रूप से घायल
13 जुलाई 2026
कानपुर के यशोदा नगर हाईवे पर खड़े डंपर में घुसी DCM, ड्राइवर की मौत
13 जुलाई 2026
राजनाथ-गडकरी ने किया लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, भरिये फर्राटा 40 मिनट में 63km
13 जुलाई 2026