10 मिनट में लौटता हूं… कहकर निकले नेहरू नगर के वीरेश का सड़क पर मिला शव, मचा कोहराम

✍️NNS Desk
10 मिनट में लौटता हूं… कहकर निकले नेहरू नगर के वीरेश का सड़क पर मिला शव, मचा कोहराम

कानपुर के नेहरू नगर निवासी वीरेश प्रताप (45) दस मिनट में लौटता हूं, कहकर घर से निकले फिर कभी वापस नहीं लौटे. तीन जुलाई को लापता होने के बाद उनका शव छावनी थाना क्षेत्र के मैकूपुरवा इलाके में चार जुलाई को सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला. परिजन ने रविवार को पोस्टमार्टम हाउस में गले में पहनी सिक्के की माला और फोटो के आधार पर उनकी पहचान की.

जानकारी के अनुसार काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद चार जुलाई को नजीराबाद थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई. उधर, शनिवार रात कैंट के मैकूपुरवा में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मार्चुरी के लिए भेज दिया.

आज रविवार को पुलिस की सूचना पर वीरेश की पत्नी आराधना, बेटा भव्य प्रताप और बेटी अंतिका पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां गले में पहनी सिक्के वाली माला और अन्य पहचान के आधार पर शव की शिनाख्त वीरेश प्रताप के रूप में हुई. परिजनों ने बताया कि वीरेश की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं रहती थी.

वह भूलने की बीमारी से भी पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था. छावनी थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें