UP में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस

✍️NNS Desk
UP में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस

बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया. उमाशंकर सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे. दिल्ली के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. उमाशंकर सिंह के निधन पर बसपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई. उमाशंकर बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक थे.

जानकारी के मुताबिक, उमाशंकर सिंह का जन्म 2 जनवरी 1971 को बलिया के खनवर गांव में हुआ था. उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरकारी स्कूल से की. इसके बाद उच्च शिक्षा बलिया के एक कॉलेज से की. उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र संघ से की थी. उमाशंकर सिंह की गिनती बसपा सुप्रीमो मायावती के सबसे करीबी नेताओं में होती थी. 2022 के चुनाव में बसपा से वह एकलौते विधायक चुने गए थे.

— Mayawati (@Mayawati) August 5, 2026

बसपा सुप्रीमो ने जताया दुख: बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, बहुजन समाज पार्टी (बी.एस.पी.) के कर्मठ, ईमानदार व पूरी तरह से वफादार बलिया की रसड़ा सीट से लोकप्रिय विधायक उमाशंकर सिंह की आज शाम लम्बी बीमारी की वजह से इलाज के दौरान देहान्त हो जाने की ख़बर अति-दुखद. उनके परिवार तथा उनके सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना. पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा की जितनी भी तारीफ की जाये वह कम है. उनका पूरा परिवार बी.एस.पी. परिवार की तरह है तथा उनके परिवार के सभी लोग मुझे बड़ी बहन की तरह ही पूरा आदर-सम्मान देते हैं. उनके पुत्र से लगातार सम्पर्क बने रहने के दौरान ही आज शाम उनके देहान्त की ख़बर उनके पुत्र से ही मिली. इस दुख की घड़ी में मैं व पूरी पार्टी उनके व उनके परिवार के साथ है तथा उन्हें किसी भी प्रकार से हिम्मत नहीं हारना है बल्कि इस परिस्थिति का सामना करते हुये आगे बढ़ना है. कुदरत उन सभी लोगों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे.

तीन बार विधायक रहे: उमाशंकर सिंह तीन बार विधायक रह चुके थे. 2012, 2017, 2022 में विधायक चुने गए थे. पहली बार बसपा के टिकट पर 2012 में बलिया की रसड़ा सीट से जीत दर्ज की थी. इसके बाद 2017 में भी बसपा ने उन्‍हें टिकट दिया और जीत दर्ज की. 2022 के चुनाव में भी वह बसपा से एकलौते विधायक चुने गए थे. उमाशंकर सिंह की गिनती सबसे अमीर विधायकों में भी होती थी.

दिनेश प्रताप सिंह से क्या रिश्ता? दिनेश प्रताप सिंह वर्तमान में यूपी की योगी सरकार में मंत्री हैं. दिनेश प्रताप सिंह की बेटी कनिका सिंह की शादी उमाशंकर सिंह के बेटे प्रिंस यूकेश से हुई है. ऐसे में दिनेश प्रताप सिंह और उमाशंकर सिंह समधी हैं. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उमाशंकर के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने लिखा, बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं. भावभीनी श्रद्धांजलि !

उत्तर प्रदेश से और खबरें