कासगंज में मां की अस्थियां लेकर जा रहीं दो बेटियों की मौत, 4 रिश्तेदारों की भी जान गई

✍️NNS Desk
कासगंज में मां की अस्थियां लेकर जा रहीं दो बेटियों की मौत, 4 रिश्तेदारों की भी जान गई

UP के कासगंज में मां की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई. 20 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सोमवार तड़के राजस्थान के करौली का रहने वाला परिवार सुआ देवी (62) की अस्थियां लेकर मैक्स पिकअप से सोरोंजी तीर्थ स्थल जा रहा था. कासगंज-मथुरा रोड पर पिकअप ने आगे चल रहे एक ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.

हादसा इतना भीषण था कि पिकअप का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया. बोनट पिचक गया। टक्कर के बाद पीछे बैठे लोग उछलकर करीब 5 फीट दूर जा गिरे. आगे बैठे लोग गाड़ी में ही फंस गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने किसी तरह घायलों को पिकअप से बाहर निकाला. पुलिस को सूचना दी.

मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में सुआ की 2 बेटियां, भतीजे, भतीजी और चचेरे दामाद की मौत हो गई. हादसा तड़के करीब 3:45 बजे जिला मुख्यालय से 29 किलोमीटर दूर कासगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा के पास हुआ.

राजस्थान में हिंडौन थाना क्षेत्र के रैवाई गांव निवासी रविंद्र की मां सुआ (60) का 25 अगस्त को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था. परिजन और रिश्तेदारों ने सुआ की अस्थियों को विसर्जित करने के लिए कासगंज के सोरोंजी जाने का फैसला किया.

रविवार शाम 5:30 बजे 11 पुरुष, 8 महिलाएं और 7 बच्चों समेत 26 लोग मैक्स पिकअप (RJ-02 GB-4482) से सोरोंजी के लिए रवाना हुए. पुलिस के मुताबिक, मैक्स पिकअप कासगंज के शिव इंटर कॉलेज, कातौर के पास पहुंची ही थी. इस दौरान एक ट्रक (RJ-36 GB-1404) बैक किया जा रहा था. तभी पिकअप पीछे से ट्रक में जा घुसी. हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी 26 घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टर्स ने राजस्थान के करौली निवासी उमेश (33), प्रेमवती (35) और नेहरू (25) को मृत घोषित कर दिया. बाकी 23 घायलों में से 8 को अलीगढ़ रेफर किया गया. जहां भरतपुर निवासी रीना (32), करौली निवासी रंजीत (33) और दौसा की अंजलि (26) ने दम तोड़ दिया. रविंद्र की हालत भी गंभीर बनी हुई है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें