कानपुर में ’16 मिनट में 16 रुपए में कपड़े’ देने का ऑफर देने वाले धरे गये, कल मच गया था हुड़दंग

कानपुर के अनवरगंज की आलम मार्केट में 15-16 अगस्त की रात 16 रुपये की सेल के दौरान मची भगदड़ के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने रविवार शाम मैकूलाल चौराहे के पास से सलमान आलम और रईस आलम को गिरफ्तार किया.
भगदड़ से लोग हुए घायल: नौबस्ता से आलम मार्केट पहुंचे प्रांजुल वाजपेयी भी भगदड़ की चपेट में आ गए. उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि सिर पर भी चोट आई है. प्रांजुल ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली थी कि आलम मार्ट में 16 मिनट के लिए 16 रुपये में कपड़े और अन्य सामान मिल रहा है। इसी ऑफर के लिए खरीदारी करने के लिए वह आलम मार्केट पहुंचे थे.
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद भीड़ लगातार बढ़ती गई। देखते ही देखते सड़क पर लोगों की संख्या इतनी ज्यादा हो गई कि निकलना मुश्किल हो गया. इसी दौरान पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठियां पटकनी शुरू कर दीं. पुलिस की कार्रवाई के बाद लोग अचानक इधर-उधर भागने लगे.
इसी वजह से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई लोग गिरकर घायल हो गए, जबकि कई लोग पुलिस की लाठी से घायल हुए हैं. प्रांजुल भी इसी दौरान चोटिल हुए.
भगदड़ के बाद कारोबारी ने जारी किया वीडियो: इस घटना के बाद रईस आलम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंने भीड़ पर ही हुड़दंग मचाने का आरोप लगाया और लोगों से घर जाने की अपील की. कहा कि उन्होंने लोगों के लिए इतना अच्छा इंतजाम किया था, लेकिन भीड़ ने हुड़दंग कर दिया. उन्होंने यह भी दावा किया कि वह सभी को गिफ्ट देंगे और इस बार किसी से पैसे भी नहीं लिए जाएंगे.
इधर, सोशल मीडिया पर कई लोग अपने वीडियो जारी कर घटना में लगी चोटें दिखा रहे हैं. किसी के हाथ में चोट आई है तो किसी के सिर और पैर में चोट लगी है.
पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को खदेड़ा: सूचना मिलने पर एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह समेत थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लोगों से घर जाने की अपील की. इसके बावजूद भीड़ मौके से हटने को तैयार नहीं हुई. इसके बाद पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ना शुरू किया. पुलिस की कार्रवाई के बाद लोग तेजी से इधर-उधर भागने लगे. इसी दौरान कई लोग घायल हो गए. मौके पर बड़ी संख्या में चप्पलें भी बिखरी मिलीं.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

इटावा में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या: घर में मिले लहूलुहान शव, दूधिया पहुंचा तो हुआ खुलासा
17 अगस्त 2026
नवोदय विद्यालय में छात्रों के खाने में मिला मरा मेंढक, बच्चों ने खाने से किया इंकार; मचा हंगामा
17 अगस्त 2026
कानपुर में बिठूर के गुदारा घाट पर गंगा स्नान करते दो मौसेरे भाई डूबे, गोताखोर तलाश में जुटे
17 अगस्त 2026