कानपुर में ACP दफ्तर-थाने से चंद कदम दूर दुकान में लाखों की चोरी, दीवार काटकर घुसे शातिर

कानपुर में ACP कलक्टरगंज दफ्तर और थाने से चंद कदम की दूरी पर किराना कारोबारी की दुकान में दीवार काटकर शुक्रवार देर रात हुई चोरी ने पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. नयागंज के कारोबारी सज्जन गुप्ता की दुकान को निशाना बनाकर चोर करीब दो लाख रुपये के ड्राई फ्रूट्स और 35 हजार रुपये नकद ले गए.
रात में चोर दुकान की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए. इसके बाद सामान और नकदी समेटकर निकल गए. सुबह दुकान खोलने पर व्यापारी को चोरी का पता चला. सूचना पर संबंधित जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और एसीपी कलक्टरगंज को फोन कर घटना पर नाराजगी जताई. एसीपी के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम और कलक्टरगंज थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे.
टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर इसलिए भी सवाल खड़े किए हैं, क्योंकि थाना और एसीपी कार्यालय के इतने करीब चोरों ने दीवार काटकर दुकान में प्रवेश किया. सेंधमारी के लिए चोरों को समय लगा होगा, लेकिन पुलिस गश्त के दौरान उनकी गतिविधि पकड़ में नहीं आई. इससे बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापारी नाराज हैं.
पुलिस अधिकारियों ने जल्द चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया है. वहीं, जनप्रतिनिधि ने अधिकारियों से कहा कि घटना का शीघ्र खुलासा करने के साथ बाजार में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई में देरी होने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी. अब पुलिस के सामने चोरों की पहचान और माल बरामद करने के साथ नयागंज जैसे प्रमुख कारोबारी क्षेत्र में गश्त और निगरानी की व्यवस्था को लेकर उठे सवालों का जवाब देने की चुनौती भी है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

महिला सिपाही की ख़ुदकुशी से उठा पर्दा, आयी 23 साल बड़े पूर्व फौजी से अफेयर की बात; पकड़ा गया
3 अक्तूबर 2026
गोरखपुर में प्रेस कॉफ्रेंस के दौरान सपाइयों में मारपीट, पूर्व जिलाध्यक्ष को थप्पड़ मारा
3 अक्तूबर 2026
UP में 15 IAS और 23 PCS के ट्रांसफर: राजभर की नाराजगी पर अमित सिंह को हटाया
3 अक्तूबर 2026