बरेली में मंदिर नदीं में समाया, उन्नाव में जुगाड़ की नाव से आवाजाही, 36 जिलों में अलर्ट

✍️NNS Desk
बरेली में मंदिर नदीं में समाया, उन्नाव में जुगाड़ की नाव से आवाजाही, 36 जिलों में अलर्ट

UP में इस सीजन मानसूनी बारिश का कोटा लगभग फुल हो गया है. एक जून से अब तक 651.5 मिनीमी बारिश हो चुकी है. गुरुवार सुबह प्रयागराज, कौशांबी, भदोही और आसपास के जिलों में तेज बारिश हुई. लखनऊ, कानपुर, वाराणसी समेत बाकी शहरों में धूप निकली है. हालांकि, बादलों की आवाजाही जारी है. मौसम विभाग ने आज 36 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.

लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं. 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. करीब 4 लाख की आबादी प्रभावित है. बरेली में रामगंगा का कटान तेज हो गया है. बुधवार सुबह 10 साल पुराना एक मंदिर नदी में समा गया. बाराबंकी में सरयू नदी का पानी गांवों में घुस गया है. कटान के डर से लोग किनारों पर बने अपने मकानों को खुद ही तोड़ रहे हैं.

कानपुर में गंगा नदी उफान पर है. उन्नाव में गंगा किनारे बसे 10 से ज्यादा गांव टापू बन गए हैं. यहां 800 घरों के लगभग 30 हजार लोग बाढ़ के बीच फंसे हैं. कुछ इलाकों में 10 फीट तक पानी भरा है. गांवों में लोग थर्माकोल और फोम से जुगाड़ की नावें बनाकर आवाजाही कर रहे हैं. काशी में घाट अब भी जलमग्न हैं.

प्रयागराज में गुरुवार सुबह से रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है. तेज ठंडी हवाओं की वजह से मौसम में ठंडक बनी हुई है.

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- “UP में मानसून अब अपने अंतिम चरण में है। मध्य और पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में अगले 24 घंटे में बारिश का सिलसिला थम जाएगा। आम तौर पर यूपी से मानसून की वापसी सितंबर के तीसरे हफ्ते में होती है। इस बार भी हालात लगभग तय समय के आसपास ही मानसून वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश से और खबरें