झांसी में पति-पत्नी की अर्द्धनग्न लाश कमरे में मिली, शवों पर कीड़े रेंग रहे थे; बेटा बोला-मर्डर हुआ

झांसी में बंद मकान में शनिवार रात बुजुर्ग पति-पत्नी के शव मिले. दोनों शव किराएदार के कमरे में जमीन पर पड़े थे. पति अर्धनग्न हालत में था, जबकि पास में पत्नी का शव पड़ा था. शव करीब 5-6 दिन पुराने बताए जा रहे हैं. दोनों ने 8 दिन पहले बेटे और किराएदार युवक के साथ मीट बनाया था और शराब भी पी थी.
इसके बाद बेटा माता-पिता और किराएदार को छोड़कर अपने घर चला गया था. शनिवार शाम किराएदार ने बेटे को कॉल कर बताया कि अंकल-आंटी फोन नहीं उठा रहे हैं. बेटे ने माता-पिता को 10 बार फोन किया. जवाब नहीं मिला तो वह रात में घर पहुंचा. गेट नहीं खुला तो वह फांदकर अंदर गया. वहां दोनों के शव जमीन पर पड़े मिले.
बेटे ने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता की हत्या हुई है. घर में लूटपाट भी हुई है. अलमारी खुली थी और पैसे-गहने गायब थे। किराएदार ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया है. पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है. मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है.

ये तस्वीर विश्वनाथ पाल और उनकी पत्नी भुवन देवी की है। दोनों के शव घर के अंदर मिले हैं.
2 किमी दूर रहता है बेटा: मृतकों की पहचान विश्वनाथ पाल (70) और उनकी पत्नी भुवन देवी (65) के रूप में हुई. दोनों टोड़ी फतेहपुर थाना क्षेत्र के पुराबगरौनी गांव के रहने वाले थे. उनके एक बेटा जगपाल और दो बेटियां फूला और गीता हैं। तीनों की शादी हो चुकी है.
बेटे जगपाल ने बताया, ‘पिता ने 2014 में गांव की 15 बीघा जमीन बेची थी. इससे गोविंदपुरी कॉलोनी में प्लॉट खरीदा था. 2019 में मकान बनवाकर माता-पिता यहां शिफ्ट हो गए थे. मैं अपनी पत्नी कांति देवी और दो बच्चों के साथ करीब 2 किमी दूर पुराने घर में रहता हूं। कभी-कभार माता-पिता से मिलने आता था.
नए मकान में नीचे तीन कमरे और ऊपर दो कमरे हैं. नीचे का एक कमरा सतेंद्र नाम के युवक ने किराए पर लिया था. वह बस कंडक्टर है और 2-4 दिन में कमरे पर आता था. माता-पिता के साथ ही खाना खाता था। 8 दिन पहले मैं घर आया था. पैसों को लेकर मां से कहासुनी हो गई थी. मैं खर्चे के लिए 500 रुपए मांग रहा था, जबकि मां 100 रुपए दे रही थीं। बाद में उन्होंने 150 रुपए दिए. इसके बाद मैं अपने घर चला गया था.’
बेटा बोला- 2 लाख रुपए और गहने गायब: जगपाल ने बताया- शनिवार शाम करीब 6:30 बजे किराएदार सतेंद्र का फोन आया. उसने बताया कि घर गया था, लेकिन अंकल-आंटी ने गेट नहीं खोला। दोनों फोन भी नहीं उठा रहे थे.
इसके बाद मैंने माता-पिता को 10 बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। रात में घर पहुंचा. आवाज दी और गेट बजाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद गेट फांदकर अंदर गया। किराएदार के कमरे में माता-पिता के शव जमीन पर पड़े थे.
अलमारी खुली थी और जेवर-कैश गायब था. मेरी 18 साल की बेटी है, उसकी शादी करनी है. मां ने बताया था कि पोती की शादी के लिए 2 लाख रुपए और गहने रखे हैं. वे भी गायब हैं.
जगपाल ने बताया कि मेन गेट अंदर से बंद था. ताला भी घर का नहीं था। उसे शक है कि वारदात के बाद बदमाश अपना ताला लगाकर गए. घर के अंदर कुत्ता और बकरा भी था. शवों में कीड़े पड़ चुके थे.
किराएदार के कमरे में मिले शव: राहुल पाल ने बताया- मेरी बहन के सास-ससुर की मौत हुई है. जिस कमरे में शव मिले, उसमें किराएदार रहता था. हम लोग पहुंचे तो दोनों जमीन पर मृत पड़े थे. दीदी के ससुर का शव अर्धनग्न हालत में था, जबकि सास कपड़े पहने थीं.
उन्होंने बताया कि घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था. अलमारी खुली थी और पैसे भी गायब थे. खून से सने दो तौलिए भी मिले हैं. परिवार को आशंका है कि लूटपाट के बाद दंपती की हत्या की गई है.
IG बोले- खुलासे के लिए SOG लगाई: IG आकाश कुलहरि ने बताया- दंपती के शव 5 से 6 दिन पुराने हैं. शव सड़-गल चुके हैं, इसलिए मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है. दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं. डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद मौत की वजह पता चलेगी.
उन्होंने बताया- बेटे जगपाल ने किराएदार सतेंद्र पर शक जताया है. 8 दिन पहले इन लोगों ने मीट बनाया था और शराब पी थी. इसके बाद बेटा अपने घर चला गया था. बाकी तीनों लोग वहीं थे। शनिवार को सतेंद्र ने ही बेटे को फोन किया था. इसके बाद से वह गायब है. पुलिस उसे ट्रेस करने की कोशिश कर रही है.
बेटे की तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है. SOG समेत थाने की पुलिस को जांच में लगाया गया है. एसपी सिटी को नोडल अधिकारी बनाया गया है. पुलिस टीमें मामले की जांच कर रही हैं.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

प्रयागराज में गंगा ने लेटे हनुमान को कराया स्नान; गर्भगृह में घुसा पानी; लगे भक्तों के जयकारे
30 अगस्त 2026
UP की चर्चित IAS दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, IIT-IIM पास; लंदन की नौकरी छोड़ बनी थीं अफसर
30 अगस्त 2026
बस्ती में कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर, दो की मौके पर मौत तीसरा अस्पताल में मरा
30 अगस्त 2026