महाराजपुर में खड़े ट्रक से टकराकर बाइक सवार की मौत, नाइट शिफ्ट से लौट रहा था घर

✍️NNS Desk
महाराजपुर में खड़े ट्रक से टकराकर बाइक सवार की मौत, नाइट शिफ्ट से लौट रहा था घर

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 6:30 बजे रहनस मोड़ के पास हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से एक बाइक घुस गई. हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

रूमा स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे: जानकारी के अनुसार, महाराजपुर थाना क्षेत्र के नगरा गांव निवासी राजेंद्र पाल पुत्र छोटेलाल पाल रूमा स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे. रविवार सुबह नाइट शिफ्ट पूरी करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे. तभी रहनस मोड़ के पास कानपुर से फतेहपुर जाने वाली लेन पर हाईवे किनारे खड़े ट्रक में उनकी बाइक पीछे से टकरा गई.

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने उन्हें सरसौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने युवक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी.

मृतक के पिता छोटेलाल ने बताया कि राजेंद्र की शादी फतेहपुर जिले के कंस गांव निवासी अल्पना से हुई थी. करीब पांच साल पहले अल्पना ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इसके बाद अल्पना के मायके पक्ष की ओर से राजेंद्र, उसकी मां शिवप्यारी और पिता छोटेलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था.

पिता ने हत्या की जताई आशंका: पिता के अनुसार, तीनों करीब साढ़े तीन साल जेल में रहे और जमानत पर रिहा होने के बाद घर लौटे थे. राजेंद्र की 10 वर्षीय बेटी सौम्या अपनी मां के मायके में रहती है. उसे अपने पास लाने के लिए राजेंद्र ने कोर्ट में अपील भी की थी.

पिता छोटेलाल ने बेटे की मौत के मामले में हत्या की आशंका जताई है. उनका आरोप है कि राजेंद्र के ससुरालीजन पहले भी उसे जान से मरवाने की धमकी दे चुके थे. हालांकि, पुलिस फिलहाल मामले को सड़क हादसे के रूप में देख रही है.

वहीं ग्रामीणों का कहना था कि सिर में गंभीर चोटें आई अगर राजेंद्र सिर में हेलमेट लगाए होते तो शायद जान बच सकती थी. इधर, महाराजपुर पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें