कल्याणपुर में दवा कारोबारी की फ्लैट में गला रेतकर हत्या: नौकर पर शक, CCTV में नजर आया

कानपुर में शनिवार रात दवा व्यापारी की उनके ही फ्लैट गला रेतकर हत्या कर दी गई. व्यापारी वारदात के वक्त फ्लैट में अकेले थे, जबकि उनका बेटा पत्नी के साथ पार्टी में गया था.
सुबह करीब 4:30 बजे बेटा घर लौटा तो पिता का शव पड़ा मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो 2 संदिग्ध फ्लैट में जाते और करीब डेढ़ घंटे बाद बाहर निकलते दिखे.
फुटेज में दिख रहा एक संदिग्ध यहां काम करने वाला नौकर बताया जा रहा है. पुलिस को आशंका है कि डांट से नाराज नौकर ने रंजिश में हत्या की है. वारदात में किसी साथी की मदद ली. घटना कल्याणपुर स्थित रतन आर्बिट अपार्टमेंट की है.

मृत बुजुर्ग दवा व्यापारी विनीत मनोचा की फाइल फोटो
पार्टी में गया था बेटा, घर में अकेले थे व्यापारी: दवा व्यापारी विनीत मनोचा अपने परिवार के साथ रतन आर्बिट के सी-104 फ्लैट में रहते थे. विनीत मनोचा के बेटे सुबरात मनोचा ने बताया कि मां गाजियाबाद गईं थी. शनिवार रात करीब 9:40 बजे मैं अपनी पत्नी और भांजे के साथ पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकला था.
उस समय मेरे पिता घर में अकेले थे. सुबरात मनोचा रात में पार्टी में जाने के बाद सुबह करीब 4:30 बजे घर लौटे. फ्लैट में पहुंचते ही उन्होंने पिता को मृत हालत में देखा. उनके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे.
उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. रविवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की.
बेटे के निकलने के 8 मिनट बाद पहुंचे संदिग्ध: पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो वारदात से पहले और बाद की गतिविधियां सामने आईं. फुटेज के मुताबिक, सुबरात रात करीब 9:40 बजे परिवार के साथ फ्लैट से निकले थे.
इसके करीब 8 मिनट बाद रात 9:46 बजे दो संदिग्ध अपार्टमेंट में पहुंचे. उस समय विनीत मनोचा घर पर नहीं थे. दोनों फ्लैट के अंदर चले गए और वहीं इंतजार करने लगे.
पुलिस को आशंका है कि दोनों के पास फ्लैट की चाबी थी. रात करीब 10:58 बजे विनीत मनोचा फ्लैट में लौटे. इसके करीब आधे घंटे बाद रात 11:28 बजे दोनों संदिग्ध फ्लैट से बाहर निकलते CCTV में दिखाई दिए.
बेटे ने नौकर की पहचान की: CCTV फुटेज में दिख रहे दोनों संदिग्धों में से एक की पहचान सुबरात मनोचा ने अपने पिता के यहां काम करने वाले नौकर के रूप में की है. बेटे ने बताया कि विनीत मनोचा नौकर के कामकाज से खुश नहीं रहते थे और उसे अक्सर डांटते थे.
पुलिस को शक है कि इसी खुन्नस में नौकर ने हत्या की योजना बनाई होगी. वारदात में उसके साथ दिखाई दे रहे दूसरे व्यक्ति की भूमिका भी जांची जा रही है.
एडीसीपी दक्षिण राजेश कुमार पांडे ने बताया कि रविवार सुबह रतन आर्बिट में हत्या की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है और CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. यह भी पता लगाया जा रहा है कि संदिग्धों के पास फ्लैट की चाबी कैसे पहुंची.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

कानपुर के साढ़ में भरभराकर गिरा कच्चा मकान: पिता समेत 4 बेटियां दबीं, ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू
6 सितंबर 2026
संभल में ट्राई-साइकिल सवार दिव्यांग को बचाने में डंपर ने ऑटो में मारी टक्कर, 4 की मौत
6 सितंबर 2026
मुरादाबाद में 4 सेकंड में ढही 4 मंजिला बिल्डिंग, HT पोल टूटने से निकली चिंगारियां
6 सितंबर 2026