कानपुर :भीषण आग का कहर, बर्रा-7 की झुग्गी बस्ती में लगी आग, 7 दमकल गाड़ियों ने 3 घंटे में पाया काबू

✍️Amisha Sachan
कानपुर में कबाड़ और फर्नीचर गोदाम में भीषण आग:30 झोपड़ियां जलकर खाक, फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियों ने 3 घंटे में पाया काबू

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में शुक्रवार तड़के दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना बर्रा-7 इलाके में सामने आई, जहां अवैध रूप से बनी झुग्गी-झोपड़ियों और कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई।

वहीं दूसरी घटना जूही थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक फर्नीचर गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली।

बर्रा-7 की झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग

जानकारी के मुताबिक बर्रा-7 इलाके में खाली जमीन पर करीब 500 मीटर के दायरे में लोगों ने अवैध रूप से कब्जा करके लगभग 30 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां और कबाड़ के गोदाम बना रखे थे। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे अचानक यहां आग लग गई।जैसे ही कबाड़ के ढेर ने आग पकड़ी, लपटें तेजी से फैलने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरी बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया। तेज लपटों और धुएं को देखकर आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान

आग लगने के बाद बस्ती में रहने वाले लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए और किसी तरह अपनी जान बचाई। हालांकि आग इतनी तेज थी कि कई झुग्गियां और कबाड़ गोदाम जलकर खाक हो गए।स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

7 दमकल गाड़ियों ने 3 घंटे में पाया काबू

घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन झुग्गी बस्ती और कबाड़ में काफी नुकसान हुआ है।वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे संदिग्ध माना जा रहा है।

जूही में शॉर्ट सर्किट से गोदाम में आग

इसी बीच कानपुर के जूही थाना क्षेत्र में भी आग लगने की घटना सामने आई। पापुलर धर्मकांटा के पास स्थित एक गोदाम में अचानक धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने दुकानदार को सूचना दी।यह गोदाम नौबस्ता के खाड़ेपुर निवासी पप्पू शर्मा का बताया जा रहा है, जो श्री सद्गुरु गद्दा और फर्नीचर के नाम से दुकान और गोदाम चलाते हैं।

लोगों की मदद से बचा लाखों का सामान

पप्पू शर्मा के मुताबिक गोदाम के पीछे की ओर से आग की लपटें उठ रही थीं। सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों की मदद से तुरंत गोदाम में रखा सामान बाहर निकाला गया और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई।दमकल विभाग की तीन गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। समय रहते सूचना मिल जाने के कारण अधिकांश सामान सुरक्षित निकाल लिया गया।हालांकि आग की वजह से करीब 8 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

जांच में जुटा प्रशासन

फिलहाल दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस और दमकल विभाग जांच में जुटा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।इन घटनाओं ने एक बार फिर शहर में सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उत्तर प्रदेश से और खबरें