श्री गुरु गोविंद सिंह पर अभद्र टिप्पणी से भड़का कानपुर का सिख समाज, फजलगंज थाने का घेराव

✍️NNS Desk
श्री गुरु गोविंद सिंह पर अभद्र टिप्पणी से भड़का कानपुर का सिख समाज, फजलगंज थाने का घेराव

सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी पर की गई अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को कानपुर में सिख समाज का गुस्सा फूट पड़ा. सैकड़ों की संख्या में सिख संगठनों के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने फजलगंज थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर सड़क जाम कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

ऑडियो वायरल होने पर भड़का आक्रोश: दशमेश परिवार संस्था के पदाधिकारी रमिंदर सिंह ने फजलगंज थाना पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि रविवार शाम अजय सिंह नाम के एक व्यक्ति ने शास्त्री नगर निवासी रेस्टोरेंट संचालक हरप्रीत सिंह को फोन किया था.

बातचीत के दौरान उक्त व्यक्ति ने गुरु गोविंद सिंह जी के संबंध में बेहद अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया. दोनों के बीच हुई इस बातचीत का ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद सिख समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया.

पेनड्राइव में पुलिस को सौंपा ऑडियो साक्ष्य: मंगलवार सुबह करीब 11 बजे सिख समाज के लोग और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भारी संख्या में एकजुट होकर फजलगंज थाने पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी.

उनका स्पष्ट कहना था कि गुरु महाराज का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. समाज के प्रतिनिधियों ने आरोपी द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी का ऑडियो एक पेनड्राइव में डालकर पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपा और कहा कि इससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं.

पुलिस जांच में जुटी: हंगामे और सड़क जाम की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया. पुलिस अधिकारियों ने वायरल ऑडियो और पेनड्राइव के आधार पर निष्पक्ष जांच कर कड़ी विधिक कार्रवाई और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें