आसमान में फेल हुआ इंडिगो विमान का एक इंजन, एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी; सवार थे 224 यात्री

कोलकाता से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लैंडिंग से ठीक पहले विमान का लेफ्ट इंजन फेल हो गया. इसके बाद आनन-फानन में चेन्नई एयरपोर्ट पर ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई. गनीमत यह रही कि पायलट की सूझबूझ से विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई और सभी 224 यात्री बाल-बाल बच गए.
लैंडिंग से चंद मिनट पहले आई खराबी: एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार की रात इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 कोलकाता से चेन्नई आ रही थी. विमान में कुल 224 लोग सवार थे. फ्लाइट के चेन्नई पहुंचने का तय समय रात 11.30 बजे था, लेकिन जब पायलट लैंडिंग की तैयारी कर रहा था, तभी उसे पता चला कि विमान का बायां इंजन काम करना बंद कर चुका है.
तत्काल एक्टिव हुआ इमरजेंसी रिस्पॉन्स: इंजन फेल होने का पता चलते ही पायलट ने बिना कोई देरी किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट कर दिया. हालात की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने रात 11.29 बजे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी लागू कर दी. विमान को सुरक्षित उतारने के लिए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम और सभी सुरक्षा उपायों को एक्टिव कर दिया.
चंद मिनटों का घटनाक्रम और सुरक्षित लैंडिंग:
रात 11.29 बजे: विमान में खराबी की सूचना मिलने के साथ ही एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी का ऐलान.
रात 11.37 बजे: फ्लाइट ने चेन्नई एयरपोर्ट के रनवे-25 पर सुरक्षित लैंडिंग की. विमान में सवार सभी 224 लोग पूरी तरह सुरक्षित.
रात 11.47 बजे: हालात नियंत्रण में आने और विमान के सुरक्षित उतर जाने के बाद एयरपोर्ट से फुल इमरजेंसी वापस ले ली गई.
एयरपोर्ट अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस घटना के सुलझने के बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर अन्य विमानों की आवाजाही और सभी ऑपरेशंस सामान्य रूप से जारी रहे.
एयर इंडिया फ्लाइट में मचा था हड़कंप: इससे पहले 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एयरबस ए320 उड़ान हवा में उड़ान भरते समय अचानक लगभग 300 फीट नीचे आ गई थी। हालांकि, बाद में इसे नियंत्रित कर लिया गया और विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया. इस घटना के दौरान कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को चोटें आई थीं. विमान में तीन नवजात शिशुओं सहित 137 यात्री और आठ चालक दल के सदस्य सवार थे.
राष्ट्रीय से और खबरें

रामदेव ने ठोंका ब्रजभूषण शरण सिंह पर 50 करोड़ की मानहानि का दावा, पतंजलि घी को नकली कहा था
16 सितंबर 2026
UCC पर अमित शाह का बड़ा ऐलान, 2029 तक NDA वाले 21 राज्यों में हो जाएगा लागू
13 सितंबर 2026
सीमा विवाद पर PM मोदी की जिनपिंग को दो टूक, सीमावर्ती इलाकों में शांति जरूरी
12 सितंबर 2026