रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर 100 की स्पीड से क्रेटा पुलिया से टकराई, सिपाही समेत 3 की मौत

यूपी के रायबरेली में बुधवार सुबह 8 बजे पुलिस लिखी तेज रफ्तार क्रेटा कार पुलिया से टकरा गई। हादसे में सिपाही समेत 3 लोगों की मौत हो गई. 2 गंभीर घायल हो गए.
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया. बोनट पूरी तरह पिचक गया. ड्राइवर और बगल में बैठी सवारी अंदर ही फंस गई. धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग भागकर आए. पुलिस को सूचना दी. लोगों को कार से बाहर निकाला. एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर्स ने 3 को मृत घोषित कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार लखनऊ से रायबरेली आ रही थी। रफ्तार 100 kmph रही होगी. हादसा जिला मुख्यालय ये 27 किलोमीटर दूर लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाइवे पर बछरावां थाना क्षेत्र में हुआ. पुलिस के मुताबिक, हादसे में रायबरेली दीवानी कोर्ट में सुरक्षा में तैनात सिपाही महाराज सिंह (50) की मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, मृतक सिपाही महाराज सिंह मूलरूप से जालौन के रहने वाले थे. फिलहाल परिवार के साथ लखनऊ में रहते थे. रायबरेली के दीवानी न्यायालय में सुरक्षा में तैनात थे. रोजाना अपनी क्रेटा कार से ड्यूटी पर जाते थे. सिपाही ने 2 साल पहले लोन लेकर कार (UP 32 JF 5668) खरीदी थी. पिछले 4 दिन से छुट्टी पर थे. बुधवार को ड्यूटी जॉइन करने के लिए लखनऊ से रवाना हुए थे. निगोहा में दो और बछरावां बॉर्डर पर दो सवारियों को लिफ्ट दी थी.
पुलिया की रेलिंग में जा घुसी कार: पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार क्रेटा कार में सिपाही समेत 5 लोग सवार थे. नेशनल हाईवे पर बछरावां थाना क्षेत्र में खैरहनी चौराहे के पास पुलिया की रेलिंग में जा घुसी. सूचना पर थाना प्रभारी बछरावां श्यामलाल पाल फोर्स लेकर पहुंचे। राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी बछरावां पहुंचाया. घायलों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक अन्य घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.

दो घायलों को हालत गंभीर देखकर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया. हादसे के बाद हाइवे पर जाम लग गया. पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त कार को रोड से हटाकर ट्रैफिक सामान्य कराया. मृतकों में सिपाही महाराज सिंह के अलावा लालगंज के सरेनी निवासी चंद्रपाल सिंह (72) शामिल हैं। बछरावां के रहने वाले एक शख्स की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है. घायलों में बछरावां के कुंडौली निवासी मोहम्मद रियान (25) और लखनऊ के तेलीबाग निवासी रजत साहू (34) शामिल हैं.
हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हो गए. चालक को झपकी आने की आशंका प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार बिना किसी अन्य वाहन से टकराए सीधे पुलिया से जा भिड़ी. ऐसे में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना हो सकता है. हालांकि, सटीक कारण पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया– “मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दो गंभीर घायलों का इलाज लखनऊ ट्रामा सेंटर में चल रहा है. परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.”
उत्तर प्रदेश से और खबरें

गोरखपुर में चलती ट्रेन से बाहर उड़ने लगे 500-500 के नोट, रुपये की बरसात में लोगों ने हाथ साफ किए
29 अगस्त 2026
लखनऊ में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, अस्पतालों में अलर्ट; नोएडा समेत कई जिलों में तेजी से फैला H1N1
29 अगस्त 2026
जाजमऊ में ‘ययाति’ का 2800 साल पुराना टीला दरका: दो मकानों का हिस्सा गंगा में समाया
29 अगस्त 2026