कानपुर में हाईवे किनारे खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले धरे गए, स्कॉर्पियो, 7 बाइकें व असलहे बरामद

✍️NNS Desk
कानपुर में हाईवे किनारे खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले धरे गए, स्कॉर्पियो, 7 बाइकें व असलहे बरामद

कानपुर में हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के तीन गुर्गों को महाराजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में महाराजपुर निवासी दीपक सिंह, नरवल निवासी सौरभ सिंह व महाराजपुर मवईया गांव निवासी हिमांशु सिंह शामिल हैं जबकि दो आरोपी फरार हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से सात बाइकें, एक स्कॉर्पियो, तीन तमंचे व 22 कारतूस बरामद किए हैं.

अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) संकल्प शर्मा ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि हाईवे के किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं. इनके खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगी हुईं थी. गुरुवार को महाराजपुर पुलिस ने सटीक सूचना पर हाईवे के पास से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के इन तीनों अपराधियों को पकड़ लिया है. पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह कानपुर, कानपुर देहात, औरैय्या, इटावा आदि जिलों से खड़े ट्रकों व डंपरों से डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे.

अपर आयुक्त ने बताया कि आरोपी रात के समय हाईवे पर घूमते थे। ढाबों के आसपास और सुनसान इलाके में खड़े भारी वाहनों को अपना निशाना बनाते थे. डीजल चोरी करने के बाद ग्रामीण इलाकों में सस्ते दामों में बेंच देते थे.

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक पकड़े गए आरोपी दीपक के खिलाफ चार, सौरभ सिंह के खिलाफ छह व हिमांशु के खिलाफ दो मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं. एडीसीपी शिवा सिंह ने बताया कि बरामद वाहन चोरी के हैं या नहीं इसकी जांच कराई जा रही है. ये लोग असलहे लेकर चोरियां करते थे और कभी पकड़े जाने पर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकलते थे. पकड़े गए आरोपियों ने उनके फरार साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें