हरदोई में DCM में फंसा बिजली का तार, फिर गिरा खंभा और मौत हो गयी 9वीं की छात्रा की

हरदोई के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में रविवार शाम कुछ सेकंड में ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया. भीहगांव गांव में एक किराना दुकान पर सामान उतारने पहुंची डीसीएम के ऊपर से गुजर रही बिजली की मेन लाइन में तार फंस गया. चालक जैसे ही वाहन लेकर आगे बढ़ा, बिजली का पोल जोरदार आवाज के साथ भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा. उसी समय घर से सामान लेने जा रही 14 वर्षीय रागिनी उसकी चपेट में आ गई. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई पूरी घटना: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला. पोल गिरते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. रागिनी के साथ चल रही दूसरी किशोरी ने दौड़कर अपनी जान बचा ली, लेकिन कक्षा नौ की छात्रा रागिनी पोल की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई. स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. चंद सेकेंड में एक हंसता-खेलता परिवार मातम में डूब गया और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया.
पुलिस ने मौके पर पहुंच शुरू की कार्रवाई: सूचना मिलते ही बेहटा गोकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थाना प्रभारी मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस तो तहरीर मिलने पर कार्रवाई करेगी, लेकिन क्या डीसीएम चालक की लापरवाही हादसे के लिए जिम्मेदार है या फिर बिजली विभाग…क्योंकि अगर खंभे से तार लटक हुए थे या फिर तार ढीले तो इन्हें व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी किसकी है. फिलहाल जिम्मेदार कोई भी हो, लेकिन इस हादसे ने एक 14 साल की किशोरी की जान ले ली जिसे उसके परिवार ने नाजो से पाला था.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

मुजफ्फरनगर में महिला कांवड़िए ने दिया जुड़वा बच्चों को जन्म, SSP ने नाम दिया कार्तिकेय-गणेश
3 अगस्त 2026
कानपुर के श्यामनगर में दिन दहाड़े मां-बेटे को बंधक बनाकर लाखों की लूट, घटना CCTV में कैद
3 अगस्त 2026
कानपुर देहात के राजपुर में स्कूली वैन पलटी, बाल-बाल बचे 19 बच्चे; ग्रामीणों ने बचाई जान
3 अगस्त 2026