हर सवाल का जवाब दूंगा, पहले चर्चा करे विपक्ष- अमित शाह; राहुल गांधी बोले- लेक्चर नहीं सुनना

संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बयान की मांग को लेकर लगातार मचे हंगामे के बाद अब अमित शाह ने विपक्ष पर हमला बोला है. अमित शाह ने कहा है कि सरकार हमेशा से ही कह रही है कि सरकार नीट परीक्षा सहित अन्य सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है. गृह मंत्री ने यह भी कहा है कि वे सभी सवालों के जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन वह विपक्ष ही है जो चर्चा नहीं होने दे रही. वहीं राहुल गांधी ने अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि विपक्ष सिर्फ एक बात का जवाब चाहता है कि छात्रों पर गोलियां चलाने का आदेश किसने दिया.
इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को मिडिया को संबोधित करते हुए कहा कि अगर विपक्ष आज चर्चा शुरू कर दें तो मैं कल 3 बजे तक हर सवाल का जवाब दे दूंगा. उन्होंने संसद परिसर में कहा, “मैं चैनलों के माध्यम से विपक्ष से कहना चाहता हूं कि आप एक पत्र लिखकर दोपहर 2 बजे तक स्पीकर को दे दीजिए. हम 3 बजे से चर्चा चालू कर देंगे और मैं कल दोपहर 3 बजे मैं हर सवाल का जवाब दे दूंगा.”
अमित शाह ने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और वह NEET पेपर लीक को लेकर हुए छात्र आंदोलन से जुड़े हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह इस सवाल का भी जवाब देंगे कि विपक्ष ने संसद को क्यों नहीं चलने दिया. अमित शाह ने विपक्ष से कहा कि अब फैसला उसे करना है कि उसे चर्चा करनी है या चर्चा से बचना है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार हमेशा हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार रहती है. उन्होंने विपक्ष से संसद चलने देने की अपील की.
गृह मंत्री ने कहा कि संसद में चर्चा के लिए नियम और प्रक्रिया तय है. इतने गंभीर मुद्दे पर सिर्फ एक बयान देकर चर्चा नहीं हो सकती. संसद में किसी भी मुद्दे पर विस्तार से चर्चा होती है और सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है.
अमित शाह ने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रश्न काल को भी स्थगित करने के लिए सरकार तैयार है, बशर्ते स्पीकर इसकी अनुमति दें.
राहुल गांधी का पलटवार: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस चैलेंज पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फौरन पलटवार किया. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री पर वार करते हुए कहा कि उन्हें लेक्चर नहीं सुनना है. उन्होंने कहा, “अगर बच्चों पर पैलेट गन चलाने का आदेश अमित शाह ने दिया था तो वे इस्तीफा दें.”
राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी अमित शाह की कोई कल्पना या भाषण सुनने में दिलचस्पी नहीं रखती. राहुल गांधी ने सीधा सवाल पूछा कि छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया. उन्होंने पूछा कि किसके आदेश पर एक छात्र को अंधा कर दिया गया और दूसरे छात्र को गोली मारी गई. साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि कीलों वाली लाठियों से छात्रों को पीटने का आदेश किसने दिया.
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने साफ कहा कि उन्हें और युवा पीढ़ी को अमित शाह की सफाई या तर्क नहीं चाहिए. उनका कहना है कि उन्हें सिर्फ एक सवाल का जवाब चाहिए कि छात्रों पर बल प्रयोग का आदेश आखिर किसने दिया था. राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर सरकार को सीधे तौर पर घेरा और जवाबदेही तय करने की मांग की. उन्होंने कहा कि जब तक इस सवाल का सही जवाब नहीं मिलता तब तक कोई भी लेक्चर या चर्चा स्वीकार नहीं की जाएगी.
दिल्ली से और खबरें

पहली बार लाल किले की प्राचीर से गाया जाएगा ‘वंदे मातरम’, 80वें स्वतंत्रता दिवस पर नई व्यवस्था
10 अगस्त 2026
जंतर-मंतर के पास फिर भड़की हिंसा, प्रदर्शनकारियों ने बरसाए पत्थर; कई पुलिसकर्मी घायल
22 जुलाई 2026
कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर फिर प्रदर्शन शुरू: दोबारा मंच बनाया, भीड़ इकट्ठा होने लगी
21 जुलाई 2026