कानपुर के पनकी में एनकाउंटर, चेन स्नैचर के पैर में लगी; 7 जुलाई को लूटी थी चेन

✍️NNS Desk
कानपुर के पनकी में एनकाउंटर, चेन स्नैचर के पैर में लगी; 7 जुलाई को लूटी थी चेन

कानपुर के पनकी में सात जुलाई को महिला से हुई चैन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. घटना के बाद से पुलिस टीमें लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध बदमाशों और वाहनों की तलाश में जुटी थीं. शनिवार को भौती बाईपास के पास चेकिंग के दौरान रात करीब दो बजे पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई.

जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा है.

पुलिस के मुताबिक, सात जुलाई को पनकी क्षेत्र में एक महिला के साथ चैन स्नैचिंग की वारदात हुई थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. और घटना की जाँच पड़ताल कर पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी.

वारदात के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही थी. साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जानकारी जुटाकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी.

डीसीपी वेस्ट एसएम क़ासिम आबिदी ने बताया- “फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगाई गई हैं. घायल संजय वर्मा को उपचार के लिए सीएचसी/अस्पताल भेजा गया है. मुठभेड़, बरामदगी और चैन स्नैचिंग के मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.”

बैरियर पर चेकिंग के दौरान भागे बदमाश: शनिवार को पुलिस टीम भौती बाईपास के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल आती दिखाई दी. पुलिस ने बाइक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने लगे. पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। न्यू ट्रांसपोर्ट नगर के पास बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.

पुलिस के अनुसार, अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की. इसमें पीछे बैठे बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह सड़क पर गिर पड़ा. बाइक चला रहा उसका साथी अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल हिरासत में ले लिया.

तमंचा और कारतूस बरामद: पुलिस ने घायल बदमाश की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय वर्मा पुत्र सूरज प्रसाद वर्मा, निवासी ग्राम जैतीपुर रोड, घाटमपुर बताया. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में संजय ने सात जुलाई को पनकी क्षेत्र में हुई चैन स्नैचिंग की वारदात में अपने साथी के साथ शामिल होना स्वीकार किया है.

संजय पर 10 और रिजवान पर 20 मुकदमे: पुलिस की जांच में घायल आरोपी संजय वर्मा के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 10 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. वहीं फरार साथी रिजवान के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 20 मुकदमे बताए जा रहे हैं. पुलिस अब फरार रिजवान की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें