हमीरपुर में ऑटो-बाइक भिड़ंत में बुजुर्ग की मौत, पांच अन्य घायल; दो किये गये रेफर

हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में बिवांर रोड पर ग्राम सिलौली के पास मंगलवार को एक ऑटो और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई जिससे एक 68 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया.

जानकारी के अनुसार, मौदहा के बड़े चौराहे से बिवांर की ओर जा रहे ऑटो की सिलौली गांव के पास सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हुई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें सवार कई लोग उसके नीचे दब गए. हादसे में गुढ़ा गांव निवासी श्यामलाल (68) पुत्र दर्शन, करहिया निवासी रमजानी (28) पुत्र शेरखान, सिलौली निवासी कल्लू (17) पुत्र रामप्रकाश, स्वदेश (32) पुत्र रामनारायण, कम्हरिया निवासी शाहीन बानो (35) पत्नी निजामुद्दीन और खण्डेह निवासी राजू (35) पुत्र कामता घायल हो गए. सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने श्यामलाल और रमजानी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में श्यामलाल ने दम तोड़ दिया.
मृतक श्यामलाल गुढ़ा गांव के निवासी थे और किसी काम से कम्हरिया जा रहे थे. उनके परिवार में पत्नी उजयारी और पुत्र संजय हैं. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया. कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

नर्वल में कार ने बाइक को मारी टक्कर: चाचा की मौत, भतीजा घायल; डेढ़ घंटे बाद आयी एंबुलेंस
29 जुलाई 2026
हमीरपुर में यज्ञ के दौरान दो पक्षों में चले जमकर लाठी-डंडे: 13 लोग घायल, 6 नामजद समेत 12 पर केस
29 जुलाई 2026
आषाढ़ी पूर्णिमा पर कानपुर-शुक्लागंज के घाटों पर उमड़ा आस्था का जन-समुद्र, कड़ी सुरक्षा
29 जुलाई 2026