कानपुर पहुंचे CM योगी, प्रदर्शनी का किया अवलोकन; बोले- आधुनिक तकनीक से जुड़ेगा अन्नदाता

✍️NNS Desk
कानपुर पहुंचे CM योगी, प्रदर्शनी का किया अवलोकन; बोले- आधुनिक तकनीक से जुड़ेगा अन्नदाता

कानपुर में आज मुख्यमंत्री का फार्म-टू-फाइल मिशन है. इसके लिए सीएम योगी सीएसए परिसर में पहुंच गए हैं. यहां उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्राकृतिक खेती कार्यशाला-2026 में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने किसानों को सम्मानित किया और प्राकृतिक खेती को नवीनतम तकनीक से जोड़ने का आह्वान किया.

पीएम मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे और सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके विजन से आज भारत न केवल विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, बल्कि दुनिया को दिशा भी दिखा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल एक पारंपरिक पद्धति नहीं, बल्कि यह भारत की नई अर्थव्यवस्था की धुरी बन रही है. उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जी का मानना है कि यदि हम अपनी खेती को रसायनों से मुक्त कर प्राकृतिक बनाएंगे, तो यह न केवल हमारे किसानों की लागत को कम करेगा, बल्कि भारतीय कृषि उत्पादों को विश्व बाजार में एक ‘प्रीमियम’ पहचान भी दिलाएगा. अब भारत दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है.

सरकार का संकल्प- विकास और खुशहाली: मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ बाजार और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने विश्वास जताया कि प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन बनाकर ही प्रदेश के हर अन्नदाता को समृद्ध बनाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि कानपुर का यह विकास और कृषि का मॉडल आने वाले समय में प्रदेश की नई पहचान बनेगा.

अन्नदाता के लिए नवाचार और सम्मान: कार्यशाला के दौरान मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया। सीएम ने अपने संबोधन में जोर दिया कि तकनीक और नवाचार का समन्वय ही किसानों की समृद्धि का मूल मंत्र है. उन्होंने कहा कि रासायनिक खेती के विकल्पों के रूप में प्राकृतिक खेती न केवल लागत कम करती है, बल्कि यह मिट्टी के स्वास्थ्य और मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है.

आधुनिक तकनीक से जुड़ेगा अन्नदाता: चंद्रशेखर आजाद (सीएसए) कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कैलाश भवन सभागार में बृहस्पतिवार को प्राकृतिक खेती कार्यशाला-2026 का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने और उसे आधुनिक तकनीक से जोड़ने का संकल्प दिलाया.

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से सीएसए ग्राउंड पहुंचे. यहां सांसद व विधायकों ने उनका स्वागत किया. मुख्यमंत्री प्राकृतिक खेती कार्यशाला में शामिल होने के साथ ही लोक निर्माण विभाग (PWD) और उद्योग विभाग की प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। सीएम शहर में करीब 3 घंटे 50 मिनट तक रहेंगे.

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (CSA) के हेलीपैड पर सांसद रमेश अवस्थी, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, सूर्य प्रताप शाही के अलावा महापौर प्रमिला पांडे, विधायक अभिजीत सिंह सांगा, सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी ने स्वागत किया. मुख्यमंत्री वहां से हरकोर्ट बटलर तकनीकी विश्वविद्यालय में होने वाली समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुए.

उत्तर प्रदेश से और खबरें