चित्रकूट में मंदाकिनी की बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे CM योगी; मंच पर नेताओं को फटकारा, बांटी राहत सामग्री

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की बाढ़ से हुए नुकसान का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जायजा लिया. उन्होंने पीड़ितों को 26 प्रकार की राहत सामग्री, क्षतिग्रस्त मकानों के लिए नया आवास और 4 लाख रुपये सहायता देने की घोषणा की. साथ ही नदी पर अतिक्रमण रोकने के कड़े निर्देश दिए.

मालूम हो कि हाल ही में चित्रकूट क्षेत्र में मंदाकिनी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से तटीय और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. नदी के रौद्र रूप के कारण रामघाट सहित कई रिहाइशी और व्यावसायिक क्षेत्रों में पानी भर गया, जिससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और साधु-संतों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. बाढ़ की इस विभीषिका के बाद राहत और बचाव कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद धरातल पर उतरे. उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया और बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया.

इस बीच सीएम योगी ने मंच पर नेताओं को जमकर फटकार लगाई. वह गरीबों को राहत चेक बांट रहे थे। इसी दौरान मंच पर मौजूद नेता उनके साथ फोटो खिंचवाने की होड़ में लग गए. यह देखकर सीएम नाराज हो गए। उन्होंने हाथ से इशारा कर नेताओं को पीछे जाने को कहा, जिससे गरीबों को आने-जाने में दिक्कत न हो.

सीएम रामघाट का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान लोग उन्हें अपनी समस्या बता रहे थे. तभी सिक्योरिटी में तैनात जवान लोगों को हटाने लगा. इस पर सीएम नाराज हो गए। कहा- बोलने दो, बीच में क्यों आते हो?

सीएम ने कहा- “चित्रकूट के लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा. आपदा की इस घड़ी में सरकार आपके साथ है। जिन परिवारों के घर पूरी तरह बह गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिया जाएगा. जिन जरूरतमंद परिवारों के पास जमीन नहीं है, उन्हें आवासीय पट्टा दिया जाएगा.”

इससे पहले सीएम योगी ने चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया. मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया. इसके बाद रैन बसेरों में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की. उन्होंने 800 प्रभावित परिवारों को 50-50 किलो की राहत किट बांटी. किट में दाल, चावल, आटा, आलू, बाल्टी और छाता था. उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं और बच्चों को चॉकलेट दी. अफसरों से कहा- राहत पहुंचाने में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

ग्वालटोली इलाके में HT लाइन गिरी, जोरदार धमाके के साथ निकली चिंगारियां; कार में लगी आग
6 सितंबर 2026
कानपुर के साढ़ में भरभराकर गिरा कच्चा मकान: पिता व तीन बेटियों की दबकर मौत, एक बेटी घायल
6 सितंबर 2026
कल्याणपुर में दवा कारोबारी की फ्लैट में गला रेतकर हत्या: नौकर पर शक, CCTV में नजर आया
6 सितंबर 2026