फतेहपुर में युवक के नाक पर मुक्का मारने का CCTV फुटेज आया सामने, घर पर हुई थी मौत

✍️NNS Desk
फतेहपुर में युवक के नाक पर मुक्का मारने का CCTV फुटेज आया सामने, घर पर हुई थी मौत

फतेहपुर के सदर कोतवाली में सौरभ उर्फ राजा मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. एक सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद परिजनों ने पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

मृतक सौरभ उर्फ राजा मिश्रा

राजा के पिता, शिक्षक संत कुमार मिश्रा ने बताया कि 11 तारीख की रात उनका बेटा घर आया और अपने कमरे में सो गया. अगले दिन, 12 तारीख को जब वह नहीं उठा, तो शाम को उसकी मां ने कमरे में जाकर देखा. राजा बेसुध हालत में पड़ा था और उसका शरीर अकड़ गया था. मोहल्ले के एक डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. बाद में सदर अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने भी मौत की पुष्टि की.

शनिवार को राजा का अंतिम संस्कार कर दिया गया. इसके बाद रविवार को 11 तारीख की रात का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया. यह वीडियो स्टेशन रोड स्थित एक शराब ठेके के पास का बताया जा रहा है. वीडियो में कुछ लोग राजा के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं, जिसके बाद वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो जाता है.

संत कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया है कि मारपीट के कारण ही उनके बेटे की मौत हुई है. उन्होंने यह भी बताया कि राजा ने कई लोगों को पैसे उधार दिए थे, और इसी लेन-देन के विवाद के चलते मारपीट कर उसकी हत्या की गई है. उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है.

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. वीडियो में दिख रहे कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें