महोबा के चर्चित bjp विधायक बृजभूषण राजपूत ने बीज गोदाम प्रभारी को थप्पड़ जड़े

महोबा में भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने बुधवार को राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी को थप्पड़ जड़ दिए. उससे कहा- तुम अखिलेश यादव से मिले हो, गरीब लोगों की बलि क्यों चढ़ाना चाहते हो. बीज किसे भेज रहे थे, बताते क्यों नहीं। इनके लिए जूते की माला मंगाओ और लहंगा- चुनरी पहनाकर जुलूस निकालो. ये ऐसे नहीं मानेंगे. मालूम हो बृजभूषण राजपूत वही विधायक हैं जो मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोक सुर्खियों में आए थे.
चरखारी विधानसभा सीट से विधायक बृजभूषण चने के बीज की कालाबाजारी की शिकायत पर पहुंचे थे. मौके पर पिकअप में चने के बीज की करीब 100 बोरियां लदी देखीं तो उनका पारा चढ़ गया. सवाल करने पर जब गोदाम प्रभारी सोनू यादव ठीक जवाब नहीं दे पाया तो विधायक ने एक के बाद एक 3 थप्पड़ जड़ दिए. इसका वीडियो भी सामने आया है.
मामले की जानकारी मिलते ही कृषि विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पिकअप और चने के बीज की बोरियों को जब्त कर लिया. कृषि विभाग की तहरीर पर पुलिस ने गोदाम प्रभारी समेत 3 लोगों को हिरासत में लिया है. पिकअप से जब्त बीज की कीमत 4 से 5 लाख रुपए बताई जा रही है. मामला जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर चरखारी का है.
कालाबाजारी की शिकायत पर समर्थकों के साथ पहुंचे: पुलिस के मुताबिक, चरखारी स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार में सरकारी बीज की कालाबाजारी की शिकायत पर विधायक बृजभूषण राजपूत समर्थकों के साथ पहुंचे थे. आरोप है कि गोदाम प्रभारी सोनू यादव की मौजूदगी में किसानों को फ्री बांटने के लिए आया बीज पिकअप में लादकर ले जाया जा रहा था. घटना की सूचना मिलने पर उपकृषि निदेशक के निर्देश पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बीसी विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
सामने आए 2.37 मिनट के वीडियो में विधायक कह रहे हैं कि तुम लोगों से हम लोग परेशान हो गए हैं. सारे किसान तुम लोगों की इस हरकत की वजह से परेशान हैं. फिर उन्होंने उपकृषि निदेशक को फोन किया. अधिकारी से कहा- आप लोगों को कुछ पता नहीं है. न ही आप लोगों से पूछा और न कोई आदेश दिया.
उन्होंने कहा- ये खुद भी कह रहा है कि न हमें डीडी ने आदेश दिया, न ही डीओ ने. ये यह भी नहीं बता रहा है कि क्या ये बीज दूसरे केंद्र प्रभारी ने मंगवाया है. ये मनगढ़ंत कहानी बना रहा है. इसके बाद उन्होंने गोदाम प्रभारी का कॉलर पकड़ लिया। कहा- तुम्हे देवी आती है, तुम अंतर्यामी हो.
विधायक बोले- अगर ये लोग नहीं समझे तो लठ पूजन करेंगे: विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा- हमारे मंडल के अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव ने देखा कि कृषि विभाग के बीज गोदाम पर एक पिकअप गाड़ी लोड हो रही है. जानकारी करने पर पता चला कि गोदाम बंद होने के बावजूद भी गोदाम प्रभारी चने के बीज की बोरियां गाड़ी में लोड कराके बेचने के लिए लेकर जा रहे हैं.
इसकी सूचना मुझे दी। इसके बाद मैं मौके पर पहुंच गया. जब संज्ञान लिया तो पता चला कि बगैर अनुमति के बोरियां ले जाई जा रही हैं. पूछने पर गोदाम प्रभारी ने गुमराह करने का प्रयास किया. कहा कि दूसरे गोदाम में लेकर जा रहे हैं। तब हमने कुलपहाड़ के केंद्र प्रभारी से बात की तो पता चला कि वह झूठ बोल रहा है.
फिर हमने जिला कृषि अधिकारी को पूछा कि क्या यह बोरियां आपके कहने से जा रही हैं तो उन्होंने भी मना कर दिया कि हमने कोई आदेश नहीं दिया है. अब आरोपियों के खिलाफ मुकदमा होगा, उन्हें जेल भेजा जाएगा. उनकी नौकरी खत्म होगी.
उन्होंने आरोप लगाया कि गोदाम प्रभारी सोनू यादव कालाबाजारी का खेल रहा है. इसमें चपरासी और पिकअप चालक भी पकड़ा गया है. इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं। इतना बड़ा काम कोई अकेले नहीं कर सकता. चेतावनी देता हूं कि अगर ये लोग नहीं समझे तो उनका लठ पूजन भी किया जाएगा.
चरखारी कोतवाली प्रभारी राहुल मिश्रा ने बताया- “तहरीर के आधार पर सोनू यादव गोदाम प्रभारी, राधेश्याम साहू चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.”
उत्तर प्रदेश से और खबरें

जेल में आजम से मिले अखिलेश यादव, सपा प्रमुख बोले- यह सियासी नहीं, इमोशनल मुलाकात
22 अक्तूबर 2026
काशी में एयर शो: चिनूक हेलीकॉप्टर ने गंगा जल को चूमा, राफेल-सुखोई की हवा में कलाबाजी
22 अक्तूबर 2026
कानपुर में बड़े भाई ने सिर कूचकर छोटे को मार डाला, तखत पर सोने को लेकर झगड़ा हुआ
21 अक्तूबर 2026