दुष्कर्म के आरोपी का पेड़ से लटकता मिला शव, रसूलाबाद में दो दिन पहले ही दर्ज हुई थी FIR

कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी अरविंद का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शुक्रवार सुबह गांव के बाहर ढाक के पेड़ से गमछे के फंदे पर लटका मिला. शव मिलने के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है. सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.
खास बात यह है कि महज दो दिन पहले ही गांव की एक युवती ने इस युवक के खिलाफ रसूलाबाद थाने में दुष्कर्म करने और गर्भवती करने का गंभीर मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इसी गांव की रहने वाली एक 19 वर्षीय युवती ने बीते बुधवार को रसूलाबाद थाने पहुंचकर अरविंद सिंह उर्फ नन्हें के खिलाफ लिखित तहरीर दी थी. युवती का आरोप था कि अरविंद ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को ही आरोपी अरविंद के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली थी. मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थीं, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था. इसी बीच शुक्रवार सुबह उसका शव बरामद हो गया.
फॉरेंसिक टीम ने की जांच: घटना की सूचना मिलते ही रसूलाबाद थानाध्यक्ष एसएन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम को भी बुला लिया गया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल और शव के आस-पास से बारीकी से भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं.
थानाध्यक्ष रसूलाबाद एसएन सिंह ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी अरविंद उर्फ नन्हें का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला है. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा भरा है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों ने कुछ आशंकाएं जताई हैं. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी. पीएम रिपोर्ट और परिजनों से मिलने वाली लिखित तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

गोविंद नगर कच्ची बस्ती में अतिक्रमण हटाने गई टीम ने किया लाठीचार्ज, बाल घसीटकर जड़े थप्पड़; नाले में गिरे लोग
17 जुलाई 2026
रामपुर SP सोमेंद्र मीना हटाये गये, जौहर यूनिवर्सिटी से पुलिसकर्मियों को भगाये जाने की मिली सजा
17 जुलाई 2026
महाना के ‘चंदा चोरी’ बयान पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस से झड़प; वर्दी के बैज नोचे
17 जुलाई 2026