गंगा एक्सप्रेस-वे पर भाजपा विधायक की फॉर्च्यूनर का टायर फटा, MLA समेत 2 घायल

✍️NNS Desk
गंगा एक्सप्रेस-वे पर भाजपा विधायक की फॉर्च्यूनर का टायर फटा, MLA समेत 2 घायल

UP के बुलंदशहर में डिबाई विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की फॉर्च्यूनर कार शनिवार शाम 5 बजे हादसे का शिकार हो गई. लखनऊ से लौटते समय गंगा एक्सप्रेस-वे पर कार का टायर फट गया. इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई. हादसे में विधायक और उनका एक साथी घायल हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि पोल टूट गया और फॉर्च्यूनर कार को भी काफी नुकसान हुआ. स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत घायलों को कार से बाहर निकाला. विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी और दूसरे घायल को हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

डॉक्टरों ने बताया कि विधायक को चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन से हटवाया ताकि यातायात सामान्य रहे. स्याना कोतवाली पुलिस इस घटना की जांच कर रही है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें