औरैया : प्रधानमंत्री महिला रोजगार योजना के नाम पर ठगी,पुलिस ने गिरोह का किया भंडाफोड़

सवांददाता अमित शर्मा उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में साइबर थाना पुलिस ने महिलाओं को सरकारी योजना का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष समेत दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रधानमंत्री महिला रोजगार योजना के नाम पर महिलाओं को सिलाई सेंटर खोलने और नौकरी दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ई-स्कूटी, इन्वर्टर, मोबाइल फोन समेत कई दस्तावेज बरामद किए हैं।

पूरा मामला क्या है
पूरा मामला औरैया जनपद के साइबर थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता वंदना पत्नी श्यामबाबू निवासी ग्राम पडरिया ऊंचा थाना अजीतमल ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि एक महिला और एक पुरुष ने प्रधानमंत्री महिला रोजगार योजना के नाम पर उसे सिलाई सेंटर खोलने और नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले उससे रुपये लिए गए और जरूरी दस्तावेज भी जमा करा लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया।मामले की जांच में जुटी साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ वर्मा उर्फ टिंकू निवासी मैनपुरी और सुनीता निवासी औरैया के रूप में हुई है।

सिलाई सेंटर खोलने और नौकरी दिलाने का लालच देते थे- पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी गांव-गांव जाकर ग्राम समूह सखियों के मोबाइल नंबर जुटाते थे। इसके बाद महिलाओं से संपर्क कर उन्हें सरकारी योजना के तहत सिलाई सेंटर खोलने और नौकरी दिलाने का लालच देते थे। फिर मीटिंग कर महिलाओं से प्रति महिला 250 रुपये वसूलते थे और आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज ले लेते थे। इसके बाद उन्हीं दस्तावेजों के जरिए महिलाओं के नाम पर लोन कराया जाता था। लोन की रकम से ई-स्कूटी, इन्वर्टर और अन्य सामान खरीदकर आरोपी खुद हड़प लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो इन्वर्टर बैटरी, दो इन्वर्टर यूपीएस, एक ई-स्कूटी, दो एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड फोन, 107 आधार कार्ड की प्रतियां, 11 स्टांप पेपर, 4 एडिट किए गए आधार कार्ड और 12 फर्जी योजना कार्ड बरामद किए हैं। अब तक 10 से 12 लाख रुपये की ठगी सामने आई है।
पुलिस का बड़ा खुलासा
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि प्रधानमंत्री महिला रोजगार योजना के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस ठगी के शिकार लोगों के खातों को फ्रीज कर रकम वापस दिलाने की प्रक्रिया में जुटी है, वहीं इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
उत्तर प्रदेश से और खबरें

हमीरपुर में फतेहपुर के बारातियों से भरी बोलेरो पलटी: एक की मौत, पांच बच्चों समेत 9 घायल
23 जून 2026
चढ़ावा चोरी की 150 पेज की रिपोर्ट SIT ने सौंपी, ट्रस्ट के दोबारा गठन व FIR की सिफारिश
23 जून 2026
कानपुर में गंगा स्नान करने गए चार किशोर में तीन डूबे, दो को बचाया और एक लापता
23 जून 2026