नौबस्ता थाने में छेड़छाड़ के आरोपी ने पिया टॉयलेट क्लीनर, नाजुक हालत में ICU में भर्ती

✍️NNS Desk
नौबस्ता थाने में छेड़छाड़ के आरोपी ने पिया टॉयलेट क्लीनर, नाजुक हालत में ICU में भर्ती

कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग के मामले में शिकायत की गई थी. मामले में पुलिस द्वारा पकड़कर थाने लाए गए आशीष द्विवेदी (40) उर्फ पुल्ली पंडित ने देर रात थाने के बाथरूम में रखा टायलेट क्लीनर पी लिया.

युवक के तेजाब पीने की जानकारी होते ही थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया और हाथ पाव फूल गए. पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में उसे हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है. इधर लापरवाही बरतने पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने नाइट अफसर दरोगा विकास गौड़ और हेड कांस्टेबल अरविंद को सस्पेंड कर दिया है.

नौबस्ता थानाप्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि नौबस्ता निवासी एक महिला के ससुर ने सरसौल के महोली गांव निवासी आशीष द्विवेदी के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत की गई थी. ससुर का आरोप है कि आशीष अलग-अलग नंबरों से उनकी बहू को फोन कर परेशान करता था. विरोध पर उसे और परिवार वालों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है.

इसी शिकायत के संबंध में पुलिस ने आशीष को फोन कर थाने बुलाया था. आशीष दिन में थाने नहीं आया। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे वह अपने दोस्त सहज सिंह गौतम के साथ नशे की हालत में थाने पहुंचा. वहां वह पुलिसकर्मियों से उलझने लगा. पुलिसकर्मियों ने कई बार समझाकर उसे जाने के लिए कहा, लेकिन वह पूछताछ कराने पर अड़ा रहा.

आरोपी थाने में सिर पटकने लगा: इसके बाद पुलिस ने दोनों को थाने में बैठा लिया. इस दौरान आरोपी थाने में सिर पटकने लगा. इसके बाद दोनों का मेडिकल कराने की तैयारी की जा रही थी, तभी आशीष ने लघुशंका जाने की बात कही. इस पर सिपाही उसे बाथरूम लेकर गया, जहां पहले से रखा टायलेट क्लीनर उठाकर आशीष ने उसे पी लिया. हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों के हाथ–पांव फूल गए, तत्काल उसे कांशीराम ले गए गए, जहां से उसे हैलट रेफर किया गया, फिलहाल अस्पताल के आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है.

परिजन कुछ भी बताने से साफ मना कर रहे: घटना की जानकारी मिलते ही नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह और एसीपी मौके पर पहुंचे. अफसरों ने थाने में घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिसकर्मियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. युवक थाने के बाथरूम तक तेजाब कैसे ले गया और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है. फिलहाल हैलेट में पुलिस के दबाव के चलते परिजन कुछ भी बताने से साफ मना कर रहे हैं. मौके पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें