कानपुर के महाराजपुर में घर का आँगन धंसने से युवती गड्ढे में गिरी, 3 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

✍️NNS Desk
कानपुर के महाराजपुर में घर का आँगन धंसने से युवती गड्ढे में गिरी, 3 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कानपुर में रक्षाबंधन के दिन 18 साल की युवती अपने घर में ही धंस गई. सुबह करीब 6:40 बजे युवती बाथरूम से कमरे की तरफ जा रही थी. इसी दौरान अचानक आंगन में करीब 20 फीट गड्ढा हो गया और उसी में गिर गई.

हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी. परिजनों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले घर के अंदर बोरिंग कराई गई थी. आशंका है कि उसी बोरिंग की वजह से बारिश में जमीन धंस गई.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. युवती को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव की है.

नहाकर निकली, कुछ ही सेकेंड में धंस गई जमीन: महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव निवासी विनोद सविता के 4 बेटियां और एक बेटा है। उन्होंने बताया- घर में रक्षाबंधन की तैयारियां चल रही थीं. सुबह उनकी बेटी यशी नहाकर बाथरूम से बाहर निकली थी. वह कजलिया तालाब में पूजन सामग्री प्रवाहित करने जाने की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान उसके बाहर निकलते ही आंगन की जमीन अचानक धंस गई। मिट्टी खिसकने से वहां बड़ा गड्ढा बन गया और यशी उसमें गिर गई.

3 साल पहले घर के अंदर कराई थी बोरिंग: विनोद ने बताया- करीब 3 साल पहले घर के अंदर बोरवेल के लिए बोरिंग कराई गई थी. हालांकि, यह बोरिंग सफल नहीं हुई थी. इसके बाद घर के बाहर दूसरी जगह बोरिंग कराई गई. आशंका है कि पुरानी बोरिंग की वजह से जमीन के नीचे मिट्टी कमजोर हो गई होगी. इसी कारण आंगन का एक हिस्सा अचानक धंस गया.

पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची: हादसे की जानकारी मिलते ही महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. पुलिस और राहत टीम ग्रामीणों की मौजूदगी में यशी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें