कानपुर देहात के सिकंदरा में हाईवे का ओवरब्रिज मार्ग 100 मीटर धंसा, सर्विस लेन से गुजरे वाहन

✍️NNS Desk
कानपुर देहात के सिकंदरा में हाईवे का ओवरब्रिज मार्ग 100 मीटर धंसा, सर्विस लेन से गुजरे वाहन

कई दिन से लगातार हो रही बारिश से कानपुर इटावा हाईवे में सिकंदरा के पास साकिन बुजुर्ग में बने ओवर ब्रिज का ढलान मार्ग शनिवार शाम पांच बजे के करीब धंस गया. करीब सौ मीटर लंबाई में छह इंच चौड़ी दरार आ गई. इसके बाद ओवर ब्रिज से इटावा की ओर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया. अब सर्विस लेन से वाहनों को गुजारा जा रहा है.

वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक NHAI महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सिकंदरा में साकिन बुजुर्ग के पास ओवर ब्रिज ढलान पर दूसरे व तीसरे लेन के बीच सड़क धंसने से दरार आ गई है. सड़क की पहली लेन सुरक्षित है. बारिश लगातार हो रही है ऐसे में ऐहतियातन बैरीकेडिंग लगाकर इटावा लेन की ओर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है. प्रभावित क्षेत्र में करीब सौ मीटर लंबाई में आठ मीटर चौड़ाई का हिस्सा हटाकर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी. इसमें थोड़ा समय लगेगा. फिलहाल वाहन करीब सात मीटर चौड़े सर्विस लेन से निकल सकेंगे.

सिकंदरा में साकिन बुजुर्ग के पास छह लेन ओवर ब्रिज है. बृहस्पतिवार से लगातार हो रही बारिश से शनिवार शाम को इटावा लेन में हाईवे पुल की ढलान पर दूसरी व तीसरी लेन के बीच की सड़क धंस गई. इसकी जानकारी पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचीं. टीम ने पाया कि करीब सौ मीटर लंबाई में छह इंच चौड़ा दरार हो गई है. इसके बाद पुल पर इटावा की ओर वाहनों को आने से रोक दिया गया. पहले से पुल पर आए वाहनों को वापस करने के दौरान जाम लग गया.

करीब दो घंटे बाद वाहनों को पुल से वापस कर सर्विस लेन से गुजारा गया. पुल पर वाहन न चढ़े इसके लिए बैरीकेडिंग की गई है. जानकारों का कहना बारिश लगातार हो रही है ऐसे में दरार बढ़ सकती है. माल वाहक वाहनों की आवाजाही के दौरान यदि सड़क अधिक धंसी तो वाहन पटलने या फिर अनियंत्रित होकर पुल से गिरने की आशंका भी है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें