इटावा में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या: घर में मिले लहूलुहान शव, दूधिया पहुंचा तो हुआ खुलासा

✍️NNS Desk
इटावा में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या: घर में मिले लहूलुहान शव, दूधिया पहुंचा तो हुआ खुलासा

यूपी के इटावा में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी गई. सोमवार सुबह 8 बजे घटना का खुलासा तब हुआ, जब दूध वाला घर में दूध देने पहुंचा. उसने काफी देर गेट खटखटाया पर दरवाजा नहीं खुला. दूधवाले ने महिला के नोएडा में कार्यरत पति को फोन किया.

घर के पिछले हिस्से में जाकर अंदर झांका तो देखा कि मां पुष्पा देवी यादव (55) का शव आंगन में फर्श पर पड़ा है. बेटी निर्मला देवी उर्फ मंजू देवी (38) का शव 10 मीटर दूर कमरे में चारपाई पर था. चारपाई पर खून से सनी दराती पड़ी थी. मां निर्मला के शव को कमरे से घसीटकर आंगन तक लाया गया था. कमरे से आंगन तक खून की धार फैली मिली.

बेटी निर्मला का ससुराल से 5 साल से विवाद चल रहा था. शादी के 4 महीने बाद ही पति और देवरों ने पीटकर मायके भेज दिया था. तब से मां के साथ ही रह रही थी. तलाक का केस भी चल रहा था. 3 अगस्त 2026 को ही कोर्ट ने पति को 7 हजार रुपए प्रति महीना भरण-पोषण भत्ता देने का आदेश दिया था.

मां पुष्पा देवी का शव आंगन में फर्श पर पड़ा मिला.

पड़ोसियों ने बताया- 14 और 15 अगस्त को एक युवक को स्कूटी से आते-जाते देखा था. 15 अगस्त के बाद से घर में कोई हलचल नहीं थी. आशंका है कि निर्मला के ससुराल वालों ने ही डबल मर्डर को अंजाम दिया. मामला जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर भरथना थाना क्षेत्र के चंदेठी गांव का है.

चंदेठी गांव निवासी सुरेश चंद्र (60) नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं. गांव स्थित घर में उनकी पत्नी पुष्पा और बेटी निर्मला यादव रहती थीं. बड़ा बेटा नवल किशोर (28) नोएडा में ओला कैब चलाता है. छोटा बेटा नंद किशोर (30) पुणे में प्राइवेट नौकरी करता है.

गांव के ही रहने वाले दूध कारोबारी राजीव ने बताया- वह सुरेश के घर में कई सालों से दूध देने का काम करता है. सोमवार सुबह 8 बजे दूध देने पहुंचा था. कई बार आवाज दी, गेट खटखटाया, पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. करीब आधे घंटे के बाद सुरेश को फोन कर पूछा कि घर में कोई नहीं है क्या?

बेटी निर्मला का शव 10 मीटर दूर कमरे में चारपाई पर मिला. पास में खून से सनी दराती भी पड़ी थी.

सुरेश ने जवाब दिया कि सब घर में हैं। घर के पीछे जाकर खिड़की से अंदर झांककर आवाज दो. मैंने ऐसा ही किया। देखा कि मां-बेटी के शव अंदर पड़े थे. पति सुरेश की सूचना पर भरथाना थाना प्रभारी विक्रम सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे.

एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव भी जांच के लिए पहुंचे. फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉयड को बुलाया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. चारपाई पर मिली खून से सनी दराती जब्त की.

एक दिन पहले भी आया था, पर नहीं खुला था गेट: राजीव ने बताया- वह रविवार सुबह दूध देने पहुंचा था, पर तब भी गेट नहीं खुला था. इसके बाद रविवार शाम 5 बजे दोबारा गया तो भी काफी खटखटाने के बावजूद गेट नहीं खुला था. इसीलिए उसे अनहोनी की आशंका हुई.

पड़ोसी बोले– दो दिन पहले स्कूटी सवार घर आता दिखा था: पुलिस पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया- 15 अगस्त की रात 9 बजे स्कूटी सवार को आखिरी बार घर के बाहर देखा गया था. इसके बाद से न तो युवक दिखाई दिया और न ही घर से कोई हलचल सुनाई दी.

बेटी की 2021 में हुई थी शादी, मायके में रह रही थी: मृतका निर्मला देवी उर्फ मंजू यादव की साल 2021 में मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में सतेन्द्र कुमार उर्फ मन्नी से हुई थी. निर्मला की कोई संतान नहीं है.

हत्या के इरादे से ही आया था हमलावर- एसएसपी एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया– घर के अंदर किसी सामान से छेड़छाड़ नहीं मिली है. प्रथम दृष्टया मामला लूट के लिए हत्या का नहीं लग रहा है. निर्मला के ससुराल से विवाद के प्रमुख एंगल से जांच की जा रही है. मुकदमे से जुड़े लोगों और परिवार के परिचितों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक रिपोर्ट से जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा. –

इटावा से और खबरें